उत्तर प्रदेश

अब राशन दुकानों से जुड़ेगा हरियाली अभियान, डीएसओ को निर्देश

Saba Naaz
11 July 2026 3:57 PM IST
अब राशन दुकानों से जुड़ेगा हरियाली अभियान, डीएसओ को निर्देश
x

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में चलाए जा रहे वृहद पौधारोपण अभियान को सफल बनाने के लिए खाद्य एवं रसद विभाग भी सक्रिय भूमिका निभाएगा। खाद्य मंत्री मनोज पांडेय ने क्षेत्रीय खाद्य अधिकारियों, जिला पूर्ति अधिकारियों और कोटेदारों को अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पौधारोपण को केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा आंदोलन बनाया जाना चाहिए।

शुक्रवार को जवाहर भवन सभागार में आयोजित बैठक में खाद्य मंत्री मनोज पांडेय ने वृहद पौधारोपण अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक रामकुमार सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। वहीं प्रदेश के सभी 75 जिला पूर्ति अधिकारी वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।

बैठक के दौरान मंत्री ने कहा कि पौधारोपण अभियान में खाद्य विभाग की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन जिला पूर्ति कार्यालयों और क्षेत्रीय खाद्य कार्यालयों में पौधे लगाने के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध है, वहां हर हाल में पौधारोपण कराया जाए। साथ ही लगाए गए पौधों की देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी भी सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखरेख भी जरूरी है। इसके लिए विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को सामूहिक जिम्मेदारी निभानी होगी, ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में बड़े होकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे सकें।

खाद्य मंत्री ने कोटेदारों से भी अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या में राशन की दुकानें हैं और कोटेदारों का ग्रामीण क्षेत्रों में सीधा संपर्क होता है। ऐसे में वे लोगों को जागरूक कर अधिक से अधिक पौधारोपण के लिए प्रेरित कर सकते हैं।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित लक्ष्य के अनुसार पौधे लगाए जाएं और इस अभियान को सफल बनाने के लिए स्थानीय स्तर पर लोगों की भागीदारी बढ़ाई जाए। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी और कोटेदार अपने संपर्कों का उपयोग कर लोगों को पौधारोपण के महत्व के बारे में जागरूक करें।

उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पहल प्रदेश के सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण अभियान केवल पेड़ लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित भविष्य तैयार करने का प्रयास है।

बैठक में अधिकारियों ने अभियान की तैयारियों और कार्ययोजना की जानकारी दी। जिला स्तर पर पौधारोपण के लिए स्थानों की पहचान, पौधों की उपलब्धता और उनकी सुरक्षा व्यवस्था पर भी चर्चा की गई।

खाद्य मंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की बड़ी जरूरत है। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना जरूरी है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से कहा कि वे इस अभियान को पूरी गंभीरता के साथ लें और इसे जनसहभागिता से सफल बनाएं।

बैठक में अपर खाद्य आयुक्त कामता प्रसाद सहित खाद्य एवं रसद विभाग के कई अधिकारी उपस्थित रहे। सरकार का लक्ष्य है कि वृहद पौधारोपण अभियान के माध्यम से प्रदेश में हरियाली बढ़ाई जाए और लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाए।

Next Story