उत्तर प्रदेश

सवा लाख का कुख्यात ईनामी केशव गुर्जर गिरफ्तार

Admin Delhi 1
30 Jan 2023 12:45 PM GMT
सवा लाख का कुख्यात ईनामी केशव गुर्जर गिरफ्तार
x

धौलपुर: चंबल के बीहड़ में सक्रिय दस्युओं के सफाए के लिए अभियान के तहत सोमवार को जिला पुलिस को बडी सफलता मिली है। जिले के सेवर पाली इलाके में पुलिस की कुख्यात दस्यु केशव गुर्जर के साथ हुई मुठभेड में पुलिस ने करीब सवा लाख के इनामी दस्यु केशव गुर्जर को धर दबोचा है। मुठभेड के दौरान दस्यु केशव गुर्जर के पैर में गोली लगी है तथा पुलिस ने उसे उपचार के लिए धौलपुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

भरतपुर रेंज के आईजी गौरव श्रीवास्तव ने बताया कि चंबल के बीहड क्षेत्र में दस्यु केशव गुर्जर की गतिविधियों में बढोतरी के बाद में दस्यु केशव पुलिस के लिए मेन टारगेट था। रविवार रात पुलिस को दस्यु केशव गुर्जर के धौलपुर जिले के सेवर पाली इलाके में छिपे होने की सूचना मिली थी। इस सूचना पर धौलपुर के जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह की अगुवाई में कई थानों की पुलिस, क्यूआरटी तथा डीएसटी टीम ने इलाके की घेराबंदी की। चंबल के बीहड में बरसात के कारण कम विजिविलिटी के बावजूद पुलिस ने पूरी रात बीहड में सर्च अभियान चलाया। सोमवार तडके पुलिस की दस्यु केशव के साथ मुठभेड हुई। करीब चार घंटे तक चली मुठभेड में दस्यु केशव गुर्जर के पैर में गोली लगी तथा पुलिस ने उसे धर दबोचा। पुलिस ने दस्यु केशव गुर्जर को धौलपुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। श्रीवास्तव ने बताया कि मुठभेड में पुलिस तथा किसी सिविलियन को कोई चोट या नुकसान नहीं हुआ है। पुलिस के कुछ जवानों की बुलेट प्रूफ जैकेट पर फायर लगे हैं।

धौलपुर के जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि दस्यु केशव गुर्जर के कब्जे से एक पचफेरा बंदूक तथा कारतूस बरामद किए गए हैं। धौलपुर जिले में चंबल के बीहड़ में सक्रिय दस्युओं की टॉप टेन की सूची में कुख्यात दस्यु केशव गुर्जर पहले पायदान पर है। धौलपुर जिले के बाड़ी उपखंड क्षेत्र के बसई डांग थाना इलाके के गांव शाहपुर निवासी केशव गुर्जर की गिरफ्तारी पर एक लाख 20 हजार रुपये का इनाम घोषित है। इनमें आगरा परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक की ओर से 50 हजार, राजस्थान के अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस अपराध शाखा की ओर से 50 हजार तथा पुलिस महानिरीक्षक चंबल जोन ग्वालियर की ओर से 15 हजार रुपये का इनाम शामिल है। एसपी सिंह ने बताया कि दस्यु केशव के साथ में तीन से चार अन्य बदमाशों की मौजूदगी की सूचना थी,जो मौके से भाग निकले हैं। पुलिस की टीम द्वारा चंबल के बीहड में उनकी तलाश में सर्च अभियान चलाया जा रहा है।

बीते दस साल से फरार था दस्यु केशव गुर्जर

चंबल के बीहड में सक्रिय दस्यु केशव गुर्जर बीते दस साल से फरार था । यही,नहीं दस्यु केशव गुर्जर के विरुद्ध राजस्थान,उत्तर प्रदेश एवं मध्यप्रदेश में करीब तीन दर्जन से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं। दस्यु केशव गुर्जर की गैंग में करीब एक दर्जन बदमाश शामिल हैं तथा केशव की गैंग राजस्थान के धौलपुर एवं करौली,उत्तर प्रदेश के आगरा तथा मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में आपरेट करती है। आईजी भरतपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव ने बताया कि बीते महीनों में धौलपुर जिला पुलिस के दबाब से परेशान हो कर दस्यु केशव गुर्जर का गैंग कई भागों में बंट गया था। इसके साथ ही कई सदस्यों ने अपना हुलिया भी बदला था।

चंबल के बीहड में कई बार पुलिस से हुआ आमना सामना

राजस्थान के साथ-साथ मध्य प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश पुलिस की आंखों की किरकिरी बने दस्यु केशव गुर्जर की मूवमेंट बीते दिनों सेवर पाली इलाके में देखी गई थी। जिसके बाद से ही पुलिस ने उस इलाके को घेर कर वहां दस्यु उन्मूलन अभियान चला रखा है। बीते करीब 6 महीने में दस्यु केशव गुर्जर और पुलिस का कई बार आमना-सामना हो चुका है। धौलपुर जिला पुलिस के इस अभियान की सबसे बड़ी खासियत यही है कि पुलिस ने सेवर पाली से जुड़े मध्यप्रदेश के इलाके को पूरी तरह से कट ऑफ कर रखा था। जिससे दस्यु केशव गुर्जर मध्यप्रदेश की ओर ना भाग सके। इसके साथ ही इस विशेष अभियान में पुलिस द्वारा जीपीएस एवं ड्रोन की भी मदद ली जा रही थी।

मुखबिर तंत्र की मजबूती से मिली सफलता.

दस्यु केशव गुर्जर के सफाए में पुलिस की जाबांजी के साथ साथ मजबूत मुखबिर तंत्र अहम रहा। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि चंबल के बीहड़ में सक्रिय दस्युओं के खात्मे के लिए पुलिस द्वारा पूरी कार्ययोजना बनाकर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए गए। पुलिस ने बीहड़ क्षेत्र में अपना मुखबिर तंत्र विकसित किया है तथा दस्यु गिरोहों से संबंधित सूचनाएं जुटाकर उनके मूवमेंट पर नजर रखी। इस विशेष अभियान में पुलिस ने दस्युओं को शरण देने वाले तथा उनको भोजन एवं अन्य सामग्री उपलब्ध कराने वाले कई लोगों पर कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा। दस्यु उन्मूलन अभियान के लिए पुलिस को अत्याधुनिक हथियारों से लैस किया गया । बीहड़ में दस्युओं के मूवमेंट की पड़ताल के लिए जीपीएस तथा द्रोण सिस्टम से निगरानी की गई।

अब शीशराम तथा अन्य दस्यु निशाने पर

धौलपुर। दस्यु केशव गुर्जर के अलावा चंबल के बीहड़ में इन दिनों 25 हजार का इनामी दस्यु शीशराम गुर्जर निवासी सायपुरा,8 हजार का इनामी दस्यु दारा सिंह उर्फ दारा सिंह निवासी अतिराज का पुरा, 5 हजार का इनामी दस्यु चंद्रभान उर्फ अट्ठा निवासी धौंधे का पुरा तथा 5 हजार का इनामी दस्यु विनोद उर्फ बंटी पंडित निवासी घंसौला थाना अम्बाह जिला मुरैना मध्यप्रदेश शामिल हैं। यही नहीं पुलिस को 10 हजार के इनामी मेंबर जाट की भी तलाश है। दस्यु केशव गुर्जर को दबोचने के बाद में अब पुलिस ने निशाने पर बाकी दस्यु रहेंगे। ऐसा माना जा रहा है कि केशव के बाद में दस्युओं की ताकत कम हुई है तथा अब जल्दी ही कई अन्य दस्यु भी पुलिस के शिकंजे में होंगे।

Next Story