उत्तर प्रदेश

Noida: एसटीएफ ने किया इनामी बदमाश का अंत, दर्ज थे 6 केस

Admindelhi1
21 Jun 2025 11:53 AM IST
Noida: एसटीएफ ने किया इनामी बदमाश का अंत, दर्ज थे 6 केस
x
मुजफ्फरनगर में डकैती के 6 केस दर्ज

नोएडा: उत्तर प्रदेश की विशेष कार्य बल (STF) नोएडा यूनिट ने बीते 20 जून की रात को बुलंदशहर के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में एक मुठभेड़ के दौरान एक लाख रुपये के इनामी डकैत विनोद गडेरिया को मार गिराया। यह शातिर अपराधी उत्तर प्रदेश के कई जनपदों में डकैती, हत्या और लूट जैसे 40 से अधिक मामलों में वांछित था।

एसटीएफ एसपी राजकुमार मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि STF को खुफिया सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश डकैती की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर STF की टीम ने इलाके में घेराबंदी कर जाल बिछाया।

रात में बाइक सवार दो बदमाश मौके पर पहुंचे और जैसे ही STF ने उन्हें रुकने का इशारा किया, उन्होंने पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में STF ने भी फायरिंग की, जिसमें विनोद गडेरिया पुत्र सीताराम निवासी जनपद शामली गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए बुलंदशहर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

विनोद गडेरिया वर्ष 2006 से अपराध की दुनिया में सक्रिय था और उस पर मुजफ्फरनगर, शामली, बागपत सहित अन्य जिलों में डकैती, हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट के तहत 40 से ज्यादा मामले दर्ज थे।

मुजफ्फरनगर में डकैती के 6 केस दर्ज हैं। वर्ष 2024 से वह पुलिस को चकमा दे रहा था। एक लाख रुपये का इनाम उस पर मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा घोषित किया गया था। उसे मुजफ्फरनगर की एक अदालत से 7 वर्ष की सजा भी सुनाई जा चुकी थी। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से एक अवैध हथियार और बाइक बरामद की है। STF अब फरार साथी की तलाश में भी जुटी है।

Next Story