उत्तर प्रदेश

Noida: पुलिस मुठभेड़ के बाद वाहन चोर गिरोह के छह बदमाश गिरफ्तार

Admindelhi1
3 March 2025 1:25 PM IST
Noida: पुलिस मुठभेड़ के बाद वाहन चोर गिरोह के छह बदमाश गिरफ्तार
x
"मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश गोली लगने से घायल"

नोएडा: गौतमबुद्धनगर पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह के छह बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से तीन को मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया। पुलिस ने सोमवार को जानकारी दी कि मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। गिरोह के कब्जे से चोरी की सात कारें बरामद की गई हैं।

मुठभेड़ के बाद तीन बदमाश दबोचे गए

पुलिस उपायुक्त (प्रथम) राम बदन सिंह ने बताया कि रविवार देर रात थाना सेक्टर 49 पुलिस सेक्टर 76 मेट्रो स्टेशन के पास वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कार आती दिखाई दी। जब पुलिस ने कार रोकने का इशारा किया, तो उसमें बैठे बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश सोनू (27) के पैर में गोली लगी। वह हापुड़ जिले का रहने वाला है। इस दौरान दो अन्य बदमाश भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उन्हें भी दबोच लिया। पकड़े गए बदमाशों की पहचान हापुड़ निवासी पवन कुमार (31) और मेरठ निवासी रघुवंश (27) के रूप में हुई।

गिरोह के तीन अन्य सदस्य भी गिरफ्तार

पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ के बाद पुलिस ने गिरोह के अन्य तीन सदस्यों को भी गिरफ्तार किया। इनमें दिल्ली निवासी गुरमीत सिंह (55) और अमित (35), तथा हरियाणा के सोनीपत निवासी सतीश (40) शामिल हैं।

बड़ी मात्रा में चोरी की कारें और उपकरण बरामद

पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से चोरी की सात कारें, कारों को काटकर निकाले गए कल-पुर्जे, कार चोरी में इस्तेमाल होने वाले तीन इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अवैध हथियार बरामद किए हैं।

पुलिस का कहना है कि गिरोह का नेटवर्क दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में फैला हुआ था। गिरोह के अन्य सदस्यों की भी तलाश की जा रही है।

Next Story