उत्तर प्रदेश

Noida: गौतमबुद्धनगर में ईद-अल-अजहा पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

Admindelhi1
7 Jun 2025 3:17 PM IST
Noida: गौतमबुद्धनगर में ईद-अल-अजहा पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
x
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने किया ग्राउंड निरीक्षण

नॉएडा: ईद-अल-अजहा के मद्देनजर जनपद गौतमबुद्धनगर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी क्रम में 7 जून को पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने डीसीपी ग्रेटर नोएडा साद मियां खान के साथ ग्रेटर नोएडा जोन के ईदगाहों और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों का दौरा कर शांति और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस कमिश्नर ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था को तकनीकी सहायता से और मजबूत बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन की मदद से निगरानी की जा रही है। साथ ही, पुलिसकर्मियों को सतर्क रहकर अपनी ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने आमजन से संवाद करते हुए बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर पुलिस की विशेष निगरानी जारी है। यदि कोई व्यक्ति किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक पोस्ट, धार्मिक भावनाएं भड़काने या अफवाह फैलाने का प्रयास करता है, तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि कुर्बानी से संबंधित वीडियो या भ्रामक सामग्री को न फैलाएं और अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए जागरूक करें।

कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में कुल 44 ईदगाह, 178 मस्जिदें और 26 संवेदनशील स्थानों को चिन्हित किया गया है। इन स्थानों पर सुरक्षा को देखते हुए 06 डीसीपी, 07 एडीसीपी, 14 एसीपी, 27 थाना प्रभारी, 40 इंस्पेक्टर, 748 सब इंस्पेक्टर, 110 महिला एसआई, 1400 कांस्टेबल और 360 महिला कांस्टेबल की ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए 06 टीआई, 37 टीएसआई, 190 हेड कांस्टेबल और 210 कांस्टेबलों को तैनात किया गया है।

26 चिन्हित हॉटस्पॉट्स पर अतिरिक्त बल के रूप में 2 पीएसी कंपनियां, 15 क्यूआरटी टीम और 2 कमांडो टीमों को भी तैनात किया गया है। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था राजीव नारायण मिश्र ने डीसीपी नोएडा युमना प्रसाद के साथ नोएडा जोन के सेक्टर-8 सहित अन्य संवेदनशील स्थानों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

Next Story