उत्तर प्रदेश

Noida: बदमाशों ने कार में सेंध लगाकर लैपटॉप चुराया, पुलिस जांच में जुटी

Admindelhi1
27 May 2025 5:12 PM IST
Noida: बदमाशों ने कार में सेंध लगाकर लैपटॉप चुराया, पुलिस जांच में जुटी
x
"दूसरी कार में आग लगाई"

नोएडा: थाना सेक्टर-113 और सेक्टर-39 क्षेत्र में दो अलग-अलग घटनाओं में अज्ञात बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। सेक्टर-113 में एक व्यक्ति की कार का शीशा तोड़कर कार में रखा लैपटॉप, आईपैड और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया गया। वहीं, सेक्टर-39 के सदरपुर कॉलोनी में एक व्यक्ति की स्विफ्ट कार में आग लगा दी गई, जिससे कार पूरी तरह जलकर राख हो गई। पुलिस दोनों मामलों की गंभीरता से जांच कर रही है।

थाना सेक्टर-113 के प्रभारी निरीक्षक कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि मोहनीश त्रिपाठी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। मोहनीश त्रिपाठी के अनुसार, वह सेक्टर-61 में रहता है और हाल ही में वह आदित्य सेलिब्रिटी होम सोसाइटी आए थे। उन्होंने बताया कि सोसाइटी के गेट नंबर-2 के पास अपनी कार खड़ी की थी। जब वापस आए तो देखा कि कार का शीशा तोड़ दिया गया है और कार में रखा लैपटॉप, चार्जर तथा एप्पल का आईपैड चोरी हो चुका है।

दूसरी घटना में थाना सेक्टर-39 के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि रितेश नामक व्यक्ति ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। वह सदरपुर कॉलोनी में रहता है और उसने अपने घर के बाहर स्विफ्ट कार पार्क की थी। अज्ञात बदमाशों ने रात के समय कार में आग लगा दी, जिससे कार पूरी तरह जल गई। दमकल विभाग की टीम ने घटना स्थल पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों को जल्द पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

Next Story