- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Noida: डिजिटल अरेस्ट...
Noida: डिजिटल अरेस्ट के जरिए 50 लाख की ठगी करने वाला लखनऊ से गिरफ्तार

नोएडा; नोएडा में रहने वाली एक महिला के साथ डिजिटल अरेस्ट के नाम पर की गई 50 लाख रुपए की ठगी के मामले में साइबर क्राइम पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। इस हाई-प्रोफाइल साइबर फ्रॉड में शामिल एक आरोपी को लखनऊ से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने पीड़िता से ठगे गए 2,57,179 रुपये फ्रीज कर दिए हैं, जिनकी रिफंड प्रक्रिया न्यायालय में प्रचलित है।
एडीसीपी साइबर मनीषा सिंह ने जानकारी दी कि 26 मई को पीड़िता ने थाना साइबर क्राइम में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसे एक गिरोह ने खुद को टेलीकॉम विभाग का कर्मचारी बताकर मनी लॉन्ड्रिंग के झूठे आरोप में फंसाने की धमकी दी। आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज भेजे और गिरफ्तारी का भय दिखाकर महिला को मानसिक दबाव में डालकर बैंक खातों में कुल 50 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए।
जांच में जुटी थाना साइबर क्राइम पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से कार्यवाही करते हुए मुख्य आरोपी मौ. जुनैद खान पुत्र स्व. असगर खान को लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी ने अपने अन्य साथियों की मदद से बंधन बैंक में फर्जी खाता खुलवाया, जिसमें पीड़िता के भेजे गए 8 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए थे। उक्त रकम आरोपी और उसके साथियों ने बैंक से निकाल भी ली।
आरोपी के खिलाफ आपराधिक मामला पंजीकृत किया गया। संबंधित बैंक खातों को तुरंत फ्रीज किया गया। न्यायालय के आदेशों के तहत रिफंड की कार्यवाही जारी है। पुलिस ने आरोपी के अन्य साथियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।
“डिजिटल अरेस्ट” एक नया और खतरनाक साइबर ठगी का तरीका बनता जा रहा है, जिसमें अपराधी खुद को किसी सरकारी एजेंसी का अधिकारी बताकर पीड़ित को वीडियो कॉल के जरिए डराते हैं और मनी लॉन्ड्रिंग जैसे गंभीर अपराध में फंसाने की धमकी देकर पैसे ऐंठते हैं।





