उत्तर प्रदेश

Noida: कोरोना मरीजों की संख्या में इजाफा, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में

Admindelhi1
27 May 2025 5:06 PM IST
Noida: कोरोना मरीजों की संख्या में इजाफा, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में
x
"स्वास्थ्य विभाग अलर्ट"

नोएडा: जनपद गौतमबुद्ध नगर में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या में तेज़ी से वृद्धि होने के कारण स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। पिछले तीन दिनों में कोरोना संक्रमित मामलों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है। इनमें से अधिकांश मरीजों का इलाज होम आइसोलेशन में किया जा रहा है।

जिला निगरानी अधिकारी डॉ. टीकम सिंह ने बताया कि सभी मरीजों का इलाज घर पर ही चल रहा है। कोरोना वायरस के नए वेरिएंट का पता लगाने के लिए निजी अस्पतालों से संक्रमित मरीजों के नमूने लिए गए हैं। ये नमूने दिल्ली या लखनऊ स्थित लैब में जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजे जाएंगे। सात दिन बाद इन मरीजों की दोबारा जांच की जाएगी, जिसके आधार पर आगे के इलाज का निर्णय लिया जाएगा।

डॉ. सिंह ने बताया कि कोरोना को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार है। जिले के सरकारी अस्पतालों में स्थापित सात ऑक्सीजन प्लांट पूरी तरह दुरुस्त हैं। इनमें दादरी, बिसरख और जेवर के सामुदायिक केंद्रों के प्लांट शामिल हैं। इसके अलावा जिला अस्पताल, जेएमएस, ईएसआईसी अस्पताल और चाइल्ड पीजीआई में भी ऑक्सीजन प्लांट मौजूद हैं। ये सभी ऑक्सीजन प्लांट कोरोना की दूसरी लहर के बाद 2022 में स्थापित किए गए थे। एक महीने पहले मॉक ड्रिल के दौरान इन प्लांट्स की जांच की गई थी।

जिला अस्पताल से कोरोना संदिग्ध एक मरीज का नमूना जांच के लिए चाइल्ड पीजीआई भेजा गया है। अब जिला अस्पताल में ही कोरोना संदिग्ध मरीजों के नमूने निशुल्क लिए जाएंगे। वहीं निजी अस्पतालों और लैबों में पहले से ही कोरोना जांच जारी है।

कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए जिला अस्पताल में एक विशेष वार्ड बनाया जाएगा, जिसका प्रवेश द्वार और निकास अलग-अलग होंगे, ताकि केवल कोरोना संक्रमित मरीजों को ही वहां लाया और रखा जा सके। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि यह वार्ड एक दिन के अंदर तैयार कर लिया जाएगा।

Next Story