- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Noida: बुजुर्ग महिला...
Noida: बुजुर्ग महिला से ठगों ने बेटे के हादसे का बहाना बनाकर उड़ाए लाखों

नोएडा; नोएडा के थाना फेस वन क्षेत्र के सेक्टर-15 में घर में अकेली एक बुजुर्ग महिला को एक जालसाज ने बेटे का एक्सीडेंट होने की झूठी सूचना देकर लाखों रुपए कीमत के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गया। पीड़िता की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना फेस-वन के प्रभारी निरीक्षक अमित मान ने बताया कि विपिन शर्मा पुत्र किशोरी लाल शर्मा निवासी ई-252 सेक्टर-15 ने पुलिस को सूचना दी कि उनकी बुजुर्ग मां घर में अकेली थी, तभी सोमवार दोपहर को एक अज्ञात युवक आया और उसने कहा कि विपिन शर्मा का एक्सीडेंट हो गया है।
जालसाज ने विपिन की मां से कहा कि आपके बेटे के उपचार के लिए पैसों की जरूरत है। महिला इस बात से घबरा गई तथा उन्होंने घर में रखे हुए लाखों रुपए कीमत के जेवरात और नकदी उसे दे दी। उक्त सामान मिलते ही जालसाज रफूचक्कर हो गया। महिला को बाद में पता चला कि उसके साथ धोखा हुआ है। उन्होंने अपने बेटे को घटना की सूचना दी। थाना प्रभारी ने बताया कि विपिन शर्मा की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।





