उत्तर प्रदेश

Noida: सेक्टर-63 पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में चार शातिर चोर गिरफ्तार

Admindelhi1
20 Jun 2025 8:11 PM IST
Noida: सेक्टर-63 पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में चार शातिर चोर गिरफ्तार
x
"बड़ी रकम और हथियार बरामद"

नोएडा: थाना सेक्टर-63 पुलिस और बदमाशों के बीच शुक्रवार सुबह बहलोलपुर अंडरपास के पास मुठभेड़ हो गई। घटना के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश को गोली लगी, जबकि तीन अन्य बदमाशों को कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया। बदमाश गिरधारी स्वीट्स की दुकान से नकदी चोरी कर भाग रहे थे। पुलिस ने इनके पास से चोरी की रकम और अवैध हथियार बरामद किए हैं।

थाना सेक्टर-63 पुलिस बहलोलपुर अंडरपास पर नियमित चेकिंग कर रही थी तभी एक संदिग्ध ऑटो आता दिखाई दिया। पुलिस ने जब ऑटो रुकवाने का इशारा किया तो चालक ऑटो को तेजी से मोड़कर एफएनजी सर्विस रोड की ओर भागने लगा। पीछा करने पर ऑटो सवार चार युवक ग्रीन बेल्ट की ओर भाग निकले और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में गौरव उर्फ गोलू नामक बदमाश को गोली लगी, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके पास से एक तमंचा, दो कारतूस और ₹30,000 नकद बरामद किए गए हैं। यह रकम गिरधारी स्वीट्स चोरी कांड से जुड़ी पाई गई है।

अन्य तीन बदमाशों को पुलिस टीम ने कॉम्बिंग के दौरान ग्रीन बेल्ट से गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान मोहित कुमार, आदित्य कुमार उर्फ पलटू और अकील के रूप में हुई है। तीनों के पास से अवैध चाकू और ₹20,000-₹20,000 नकद बरामद किए गए हैं।

गौरव उर्फ गोलू समेत सभी आरोपियों के खिलाफ नोएडा और गाजियाबाद के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। ये सभी चोरी, हथियार अधिनियम और अन्य गंभीर धाराओं में वांछित चल रहे थे।

गौरतलब है कि ये बदमाश 19 जून की रात को गिरधारी स्वीट्स की दुकान का शटर तोड़कर लाखों की नकदी चोरी कर फरार हुए थे। इस संबंध में थाना सेक्टर-63 पर एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसकी विवेचना के दौरान पुलिस को इनकी गतिविधियों की जानकारी मिली।

पुलिस ने मौके से UP16 DT 1073 नंबर का ऑटो भी कब्जे में लिया है जिसका उपयोग अपराध में किया गया था। चारों आरोपियों पर बीएनएस की धाराओं के साथ-साथ आर्म्स एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

नोएडा पुलिस की इस त्वरित और साहसिक कार्रवाई की सराहना की जा रही है, जिससे शहर में सक्रिय संगठित चोर गिरोह का पर्दाफाश हुआ है।

Next Story