- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- नोएडा: दिवाली से पहले...
उत्तर प्रदेश
नोएडा: दिवाली से पहले खाद्य विभाग का एक्शन, 1100 किलो प्रदूषित मिठाई नष्ट
SHIDDHANT
8 Oct 2025 8:16 PM IST

x
Noida नोएडा। दीपावली पर्व के मद्देनजर जनपद गौतमबुद्धनगर में उपभोक्ताओं को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी मेधा रूपम के निर्देश पर विभागीय टीमें लगातार विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर रही हैं, ताकि बाजारों में बिकने वाले मिठाई, नमकीन और पेय पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र द्विवेदी के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने सेक्टर-115 नोएडा स्थित रमा शंकर मिठाई निर्माणशाला पर छापा मारा।
जांच के दौरान टीम ने पाया कि ग्रामीण इलाकों में सप्लाई के उद्देश्य से मिठाइयों का निर्माण अत्यंत अस्वच्छ और अस्वास्थ्यकर वातावरण में किया जा रहा था। निर्माणशाला से भारी मात्रा में प्रदूषित मिठाइयां बरामद की गईं, जिनमें बूंदी के लड्डू, मोहन बर्फी, मोहन केक, मोहन पेड़ा, पत्तीसा और कच्ची बर्फी शामिल थीं। इन सभी मिठाइयों के कुल 6 नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए, जबकि लगभग 1100 किलोग्राम प्रदूषित मिठाई का मौके पर ही विनष्टीकरण कराया गया। इसी अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार, मालती, विशाल गुप्ता एवं विजय बहादुर पटेल की टीम ने लखनावली सूरजपुर स्थित वीरेंद्र नमकीन भंडार पर कार्रवाई करते हुए 38 किलोग्राम नमकीन सीज की तथा एक नमूना जांच के लिए लिया। इसके अलावा चेहरपुर खादर स्थित रामाशीष स्वीट्स से पेड़ा का एक नमूना भी लिया गया।
इस प्रकार कुल आठ नमूने विभिन्न प्रतिष्ठानों से संग्रहित कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय ने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देश पर यह अभियान दीपावली तक लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मानकों के विपरीत खाद्य सामग्री तैयार करने या बेचने वाले प्रतिष्ठानों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विभाग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि त्योहार के अवसर पर जनपद वासियों को केवल शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ ही उपलब्ध हों।
Tagsगौतमबुद्धनगरखाद्य सुरक्षा विभागनोएडादीपावलीसघन जांच अभियानमिठाई निर्माणशालाप्रदूषित मिठाइयांनमकीनरामाशीष स्वीट्सजिलाधिकारी मेधा रूपमवीरेंद्र द्विवेदीसर्वेश मिश्राखाद्य सुरक्षा।जनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारहिंन्दी समाचारजनताJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperjantasamachar newssamacharHindi news
Next Story





