- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Noida: मनी लॉन्ड्रिंग...
Noida: मनी लॉन्ड्रिंग का भय दिखाकर बुजुर्ग महिला को बनाया शिकार, 58.30 लाख ठगे

नोएडा: साइबर अपराधियों ने एक बुजुर्ग महिला को मनीलांड्रिंग के केस में फंसाने का भय दिखाकर उनको डिजिटल अरेस्ट करके उनसे 58 लाख 30 हजार रुपए की ठगी कर ली। महिला के पति ने आज सुबह को थाना साइबर क्राइम में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम शैव्या गोयल ने बताया कि आज सुबह को सुरेंद्र प्रसाद शुक्ला निवासी पारस टियेरा सोसायटी सेक्टर 137 ने थाना साइबर क्राइम में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनकी उम्र 77 वर्ष है। पीड़ित के अनुसार उनकी पत्नी लता रानी (75) शुक्ला को 11 अगस्त वर्ष 2026 को एक फोन आया। फोन करने वाले ने कहा कि वह एयरटेल मोबाइल कंपनी से बोल रहा है। आपका आधार कार्ड का प्रयोग करके एक बैंक खाता खुलवाया गया है। उस बैंक खाते का प्रयोग करके जेट एयरवेज के नरेश गोयल आदि ने मनी लॉन्ड्रिंग का काम किया है। आपके खिलाफ मुकदमा दर्ज है।
उन्होंने बताया कि पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने उनकी पत्नी को डिजिटल अरेस्ट कर लिया तथा उन्हें सीबीआई, कोर्ट और अन्य एजेंसियों का भय दिखाकर तीन दिन तक डिजिटल अरेस्ट रखा। साइबर ठगों ने उनसे विभिन्न बार में अपने खाते में 58 लाख 30 हजार रुपए ट्रांसफर करवा लिया। आरोपियों ने कहा था कि जांच के बाद आपकी रकम वापस कर दी जाएगी, लेकिन उनकी रकम वापस नहीं हुई। उन्होंने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।





