- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Noida: झुग्गी हटाने के...
Noida: झुग्गी हटाने के विरोध में उतरी CPI(M), प्रभावितों को न्याय दिलाने की मांग

नोएडा: नोएडा के सेक्टर-93बी में झुग्गी बस्ती हटाने के विरोध में आज भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के बैनर तले पीड़ितों ने नोएडा प्राधिकरण पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने ओएसडी को ज्ञापन सौंपकर अपना विरोध दर्ज कराया।
11 जून को नोएडा प्राधिकरण द्वारा सेक्टर-93बी में की गई तोड़फोड़ की कार्रवाई में बेघर हुए झुग्गी बस्ती के नागरिकों ने आज नोएडा प्राधिकरण के सेक्टर-6 स्थित कार्यालय पर भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) यानि सीपीआई (एम) के बैनर तले जिला प्रभारी गंगेश्वर दत्त शर्मा के नेतृत्व में प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और मुख्य कार्यपालक नोएडा सीईओ को संबोधित ज्ञापन ओएसडी क्रांति शेखर को सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि सेक्टर- 93 बी नोएडा स्थित विक्टोरिया 606 में 25 से अधिक प्रवासी परिवार 15- 20 वर्षों से अस्थाई रूप से झुग्गी बनाकर रहते चले आ रहे है। यहां के अतिरिक्त उनका कोई आवास नहीं है और वे बहुत ही निर्धन है जो कि मेहनत मजदूरी करके अपनी व अपने परिवार की गुजर बसर कर रहे हैं। 11 जून 2025 को नोएडा प्राधिकरण के वर्क सर्किल-8 के कर्मचारियों ने तोड़फोड़ दस्ते को साथ में लेकर अचानक झुग्गी बस्ती में तोड़फोड़ कर गरीब लोगों का सब सामान नष्ट करके तथा कुछ सामान उठाकर ले गए, और उन्हें बेघर कर गर्मी में सड़क पर मरने के लिए छोड़ दिया।
ज्ञापन में कहा गया है कि माकपा का मानना है कि प्राधिकरण स्तर से इस तरह की गई कार्रवाई जनहित में उचित नहीं है और संवैधानिक अधिकार व सर्वोच्च न्यायालय के दिए गए निर्देशों का खुला उल्लंघन है क्योंकि बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए गरीब लोगों को उजाडा नहीं जा सकता है।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि उपरोक्त झुग्गी बस्ती में वर्षों से रह रहे नागरिकों को जब तक सरकार अथवा प्राधिकरण द्वारा उनके रहने की वैकल्पिक व्यवस्था नहीं कराई जाती है तब तक गरीब नागरिकों को वहीं पर रहने दिया जाए और यदि किसी कारणवश वहां से उन गरीब नागरिकों को हटाना जनहित में आवश्यक है तो उन्हें आस-पास में किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित कर दिया जाए। साथ ही झुग्गी बस्तियों के लिए पुनर्वास नीति बनाकर निशुल्क मकान दिए जाएं। धरना-प्रदर्शन के दौरान श्रमिक विकास संगठन के जिलाध्यक्ष विनोद पांडे, चंदा, रंजीत, प्रदीप, जीतपाल, राकेश, आकाश, बिजनेस, सुरेश, सुभाष, पप्पू, राहुल, अमित, रमेश, मंडल, रंजीत, जोगेंद्र, मोना, उस्मान, सलीम, बबलू, सुशीला, रियाज, साबिर, सहीम, विजयपाल सहित अन्य शामिल रहें।





