- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Noida: बाइक चोरी में...
Noida: बाइक चोरी में लिप्त गिरोह पकड़ा गया, 21 वाहन बरामद

नोएडा: दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में पुराने दो पहिया वाहनों को चुराने वाले एक गिरोह के पांच वाहन चोरों को थाना सेक्टर-113 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 21 दोपहिया वाहन बरामद किया है। पकड़े गए पांचों बदमाश शातिर चोर है। इनके खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में 28 मुकदमें विभिन्न मामलों में दर्ज है।
पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) यमुना प्रसाद ने बताया कि थाना सेक्टर-113 पुलिस ने आज सुबह को एक सूचना के आधार पर दो पहिया वाहन चोर मोहित सिंह पुत्र राम सिंह उम्र 19 वर्ष, ओमवीर कुमार पुत्र राजू वर्मा उम्र 19 वर्ष, आकाश सिंह पुत्र मनमोहन सिंह उम्र 21 वर्ष, रोहित कुमार पुत्र राजेंद्र कुमार उम्र 28 वर्ष तथा आनंद कुमार पुत्र परमेसी दयाल उम्र 23 वर्ष को पर्थला डूब क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि बदमाशों की निशानदेही पर पुलिस ने विभिन्न जगहों से चोरी की हुई 19 बाइक और दो स्कूटी बरामद किया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार बदमाश इससे पूर्व भी कई बार जेल जा चुके हैं। पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि अभियुक्तों द्वारा दो-पहिया वाहन जो एक-दो साल पुराने हो जाते है, उनका लॉक आसानी से चाबियों से खोल लेते थे। यदि लॉक नहीं खुलता है तो लॉक को तोड़ देते थे।
चोरी करने के बाद वाहनों को एकत्रित करने के लिए सुरक्षित स्थानों पर रख देते थे। फिर कुछ दिन बाद एकत्रित वाहनों को चलाकर अथवा बसों पर लदवाकर हमीरपुर, महोबा, राठ आदि स्थानों में ले जाकर उसके फर्जी दस्तावेज बनाकर बेच देते थे। उन्होंने बताया कि बदमाशों ने वाहन चोरी की कई अन्य घटनाओं का भी खुलासा किया है। बदमाशों के गिरोह में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।





