उत्तर प्रदेश

Noida: मोबाइल लूटकर फरार हुए बाइक सवार, पुलिस ने शुरू की तलाश

Admindelhi1
27 May 2025 5:04 PM IST
Noida: मोबाइल लूटकर फरार हुए बाइक सवार, पुलिस ने शुरू की तलाश
x
पुलिस जांच में जुटी

नोएडा: पुलिस की कड़ी निगरानी के बावजूद नोएडा में बाइक सवार दो बदमाशों ने एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर और एक युवती से कीमती मोबाइल फोन लूट लिए। दोनों पीड़ितों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना सेक्टर-63 के प्रभारी निरीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि दिग्विजय सिंह पुत्र मनमोहन सिंह बिष्ट ने शिकायत दर्ज कराई है। वह सेक्टर-63 के ए ब्लॉक स्थित एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं और सेक्टर 63-ए में पीजी में रहते हैं।

दिग्विजय ने बताया कि वे रात लगभग 9 बजे कार्यालय से निकलकर ई-रिक्शा में अपनी पीजी जा रहे थे, तभी सेक्टर 63 के पास बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उनका आईफोन छीन लिया। उन्होंने मोटरसाइकिल का नंबर भी पुलिस को दिया है। दिग्विजय का कहना है कि फोन में महत्वपूर्ण डाटा और इंटरनेट बैंकिंग का पासवर्ड था, जिससे दुरुपयोग की आशंका है। उन्होंने पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की है।

इसी प्रकार, सेक्टर-34 मेट्रो स्टेशन के पास एक युवती से भी बाइक सवार बदमाशों ने कीमती मोबाइल फोन छीन लिया। थाना सेक्टर-24 के प्रभारी निरीक्षक श्याम बाबू शुक्ला ने बताया कि प्रदीप कुमार वेदवाल ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनकी बेटी मेट्रो स्टेशन से घर जा रही थी, जब दो बदमाशों ने उसका मोबाइल फोन लूट लिया। घटना के बाद युवती काफी डरी और सहमी हुई है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।

Next Story