- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Noida: नोएडा हादसे में...
Noida: नोएडा हादसे में प्रशासनिक कार्रवाई, CEO हटाए गए

नोएडा: नोएडा में मॉल के बेसमेंट के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में पानी भर जाने से एक युवा सॉफ्टवेयर इंजीनियर की दर्दनाक मौत के बाद सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। मामले को लेकर बढ़ते जनआक्रोश और लापरवाही के आरोपों के बीच राज्य सरकार ने नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) लोकेश एम को उनके पद से हटा दिया है। साथ ही पूरे घटनाक्रम की जांच के लिए तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है, जिसे पांच दिन के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 27 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता की मौत का संज्ञान लेते हुए सोमवार को तत्काल जांच के आदेश दिए। इसके बाद देर शाम सीईओ को हटाने का आदेश जारी कर दिया गया। फिलहाल उन्हें प्रतीक्षारत रखा गया है। 2005 बैच के आईएएस अधिकारी लोकेश एम नोएडा प्राधिकरण के साथ-साथ नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे।
इस हादसे के बाद नोएडा प्राधिकरण और बिल्डरों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन की ओर से पहले ही कुछ अधिकारियों पर कार्रवाई की जा चुकी है। एक जूनियर इंजीनियर को सेवा से बर्खास्त किया गया है, जबकि दो बिल्डरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। आरोप है कि मॉल के बेसमेंट के निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई और बारिश के पानी की निकासी के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए।





