- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Monsoon, से पहले नोएडा...
Monsoon, से पहले नोएडा प्रशासन एक्शन में, डीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त आदेश

Noida नोएडा : मानसून के दौरान शहरवासियों को जलभराव, टूटी सड़कों और अन्य बुनियादी समस्याओं से राहत दिलाने के लिए गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को जिलाधिकारी मेधा रूपम ने नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों और उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में पिछले सप्ताह सौंपे गए एजेंडे पर हुई प्रगति की समीक्षा की गई और शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक के दौरान पिछले एक सप्ताह में किए गए विकास कार्यों और मरम्मत कार्यों की विस्तृत जानकारी अधिकारियों ने जिलाधिकारी के सामने रखी। इसमें सेक्टर-115 और सेक्टर-49 की सड़कों की मरम्मत, बंद पड़े सीवरेज सिस्टम को दोबारा शुरू करने और शहर की अन्य आधारभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने के कार्य प्रमुख रूप से शामिल रहे।
इन कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन ने जिला प्रशासन और नोएडा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रशासन और प्राधिकरण के बीच बेहतर तालमेल से शहर की वर्षों पुरानी समस्याओं का तेजी से समाधान किया जा सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भी इसी तरह समन्वय के साथ काम जारी रहेगा, जिससे नोएडा के विकास को नई गति मिलेगी।
आगामी मानसून को देखते हुए जिलाधिकारी मेधा रूपम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बारिश शुरू होने से पहले शहर की सभी प्रमुख समस्याओं का समाधान हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि नोएडा में कहीं भी जर्जर या टूटी हुई सड़क नहीं दिखनी चाहिए। सभी गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराई जाए और सड़क निर्माण एवं रखरखाव के कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।डीएम ने बंद पड़े सीवरेज सिस्टम और नालों को भी तत्काल प्रभाव से चालू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान जलभराव की स्थिति से बचने के लिए नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करना बेहद जरूरी है। संबंधित विभाग लगातार निगरानी रखें और समय पर सभी कार्य पूरे करें।
बैठक के दौरान उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष निखिल अग्रवाल ने तिगड़ी गोलचक्कर पर अवैध रूप से लगने वाली रेहड़ी-पटरियों की समस्या को लेकर जिलाधिकारी को लिखित शिकायत दी। उन्होंने बताया कि अवैध अतिक्रमण के कारण वहां अक्सर जाम की स्थिति बनती है और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।शिकायत पर जिलाधिकारी ने तुरंत संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर तिगड़ी गोलचक्कर क्षेत्र से अवैध रेहड़ी-पटरियों को हटवाया और मार्ग को पूरी तरह साफ कराया। प्रशासन की इस कार्रवाई से यातायात व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रियंका, डिप्टी कमिश्नर (प्रशासन) राज्य कर विभाग अजीत कुमार सिंह, नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी और विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मानसून के दौरान आम जनता को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करें। उन्होंने कहा कि शहर की साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, जल निकासी और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रहनी चाहिए।





