- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- दवा कारोबारी हत्याकांड...
उत्तर प्रदेश
दवा कारोबारी हत्याकांड में नया मोड़ विशाल गौतम की जमानत पर सुनवाई
nidhi
18 Sept 2026 1:47 PM IST

x
मां ने सुब्रत पर जताई आशंका
कानपुर : दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड में पुलिस की जांच लगातार नए मोड़ ले रही है। मामले में आरोपी विशाल गौतम की जमानत के लिए कोर्ट में आवेदन किए जाने के बाद जांच और उलझ गई है। वहीं विशाल की मां ने दावा किया है कि उन्होंने जमानत अर्जी नहीं लगाई है और न ही किसी वकील को पैरवी के लिए नियुक्त किया है।विशाल की मां सुशीला गौतम पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचीं और इस मामले को लेकर जानकारी दी। इसके बाद पुलिस यह पता लगाने में जुट गई है कि आखिर जमानत प्रार्थना पत्र किसने दाखिल कराया। इस घटनाक्रम के बाद पुलिस की नजर अब मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका पर भी है।
सुब्रत पर भी उठ रहे सवाल
दवा कारोबारी विनीत मिनोचा की हत्या के मामले में पुलिस पहले से ही कारोबारी के बेटे सुब्रत की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस ने सुब्रत से पूछताछ भी की है। हालांकि सुब्रत ने खुद को घटना में शामिल होने से इनकार किया है। सुब्रत और विशाल से जुड़े मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल खंगाली है। रिपोर्ट के अनुसार, हजारों कॉल रिकॉर्ड की जांच की जा रही है, जिसमें विशाल और सुब्रत के बीच हुई बातचीत भी पुलिस के लिए अहम बिंदु बनी हुई है।
नए सिम और कॉल रिकॉर्ड से बढ़ा शक
पुलिस के अनुसार, विशाल ने हत्या से पहले नया सिम कार्ड लिया था। जांच में सामने आया कि इस नंबर से शालू और सुब्रत दोनों से संपर्क किया गया था। इसी वजह से पुलिस घटना से जुड़े सभी संपर्कों और बातचीत की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। पुलिस अब आरोपियों का आमना-सामना कराकर पूछताछ करने की तैयारी में है, ताकि हत्या की पूरी साजिश और इसमें शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सके।
जमानत आवेदन की जांच में जुटी पुलिस
विशाल गौतम की जमानत अर्जी को लेकर पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आवेदन किसने और किस उद्देश्य से दाखिल कराया। विशाल की मां के बयान के बाद यह मामला जांच का नया पहलू बन गया है। फिलहाल पुलिस हत्या की साजिश, आरोपियों के संपर्क और घटनाक्रम से जुड़े सभी सबूतों की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर होगी।
Next Story





