- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Deoband की राजनीति में...
Deoband की राजनीति में नया मोड़, पुंडीर के कार्यक्रम से बढ़ी अंदरूनी हलचल

Saharanpur सहारनपुर : देवबंद विधानसभा क्षेत्र में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। राजपूत बाहुल्य क्षेत्र से भाजपा टिकट के प्रबल दावेदार माने जा रहे पूर्व ब्लॉक प्रमुख और वरिष्ठ भाजपा नेता ठाकुर अनिल सिंह पुंडीर ने देवबंद नगर स्थित अपने औद्योगिक स्थल पर कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय समर्थक मौजूद रहे।देवबंद क्षेत्र का वर्तमान में प्रतिनिधित्व जड़ौदा जट निवासी बृजेश सिंह रावत कर रहे हैं, जो योगी सरकार में लोक निर्माण राज्यमंत्री के रूप में कार्यरत हैं। हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी देवबंद में उनके गांव के पास जनसभा को संबोधित किया था।
कार्यालय उद्घाटन कार्यक्रम को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है, जिसमें कई नेताओं ने मौजूदगी दर्ज कराई। पूर्व भाजपा सांसद राघव लखनपाल शर्मा ने अपने संबोधन में क्षेत्रीय जनभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि जनता बदलाव चाहती है और आगामी चुनाव में नए चेहरे को मौका मिलना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जनप्रतिनिधियों को अहंकार और मनमानी से बचना चाहिए तथा जनता के बीच सक्रिय रहना जरूरी है।कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश पिछड़ा आयोग के सदस्य चौधरी मेलाराम पंवार, जिला पंचायत से जुड़े कई प्रमुख नेता, ब्लॉक प्रमुख और विभिन्न सामाजिक वर्गों के प्रतिनिधि शामिल रहे। कई हजार लोगों की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम को शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है।
हालांकि, इस आयोजन से भाजपा के भीतर असंतोष की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं, क्योंकि कुछ प्रमुख स्थानीय नेता और मंत्री समर्थक इस कार्यक्रम से दूरी बनाए रहे। मंच पर कई बड़े नेताओं के नाम और तस्वीरें लगाए जाने के बावजूद उनकी अनुपस्थिति चर्चा का विषय रही।राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह आयोजन देवबंद क्षेत्र में भाजपा के भीतर बढ़ती खींचतान और 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीतिक तैयारियों का संकेत है। अब देखना होगा कि पार्टी नेतृत्व इस स्थिति को किस तरह संभालता है और टिकट चयन की प्रक्रिया में क्या रुख अपनाता है।





