उत्तर प्रदेश

नया पार्किंग स्थल जनता को समर्पित, सांसद ने किया लोकार्पण

Admindelhi1
27 Jun 2025 2:56 PM IST
नया पार्किंग स्थल जनता को समर्पित, सांसद ने किया लोकार्पण
x

देवरिया: नगर क्षेत्र में बढ़ती यातायात समस्या के समाधान हेतु एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। नगर पालिका परिषद, देवरिया द्वारा डूडा कैंपस के समीप नवनिर्मित पार्किंग स्थल का उद्घाटन सांसद शशांक मणि त्रिपाठी, नगर पालिका अध्यक्ष अलका सिंह एवं जिलाधिकारी दिव्या मित्तल के कर-कमलों द्वारा फीता काटकर संपन्न हुआ। उद्घाटन के पश्चात परिसर में वृक्षारोपण किया गया, जिससे न सिर्फ हरियाली को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि वातावरण भी शुद्ध रहेगा।

लोकार्पण समारोह में सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने कहा कि यह पार्किंग स्थल नगर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा जाम की समस्या को दूर करने में सहायक होगा। उन्होंने नगर के समग्र विकास हेतु सभी संबंधित विभागों की समन्वित भूमिका की सराहना की।

जिलाधिकारी ने इस परियोजना को नगर की आवश्यकताओं के अनुरूप एक सार्थक पहल बताते हुए कहा कि यह पार्किंग स्थल न केवल नागरिकों को सुगम व सुरक्षित पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराएगा, बल्कि नगर में लंबे समय से बनी जाम की समस्या से निजात दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार की सुविधाएं और विकसित की जाएंगी जिससे नगरवासियों को राहत मिले।

नगर पालिका अध्यक्ष अलका सिंह ने बताया कि लगभग 15 लाख रुपये की लागत से इस पार्किंग स्थल का निर्माण किया गया है, जिसमें टू-व्हीलर, फोर-व्हीलर, ई-रिक्शा एवं ऑटो के लिए समुचित पार्किंग व्यवस्था की गई है।

नगर पालिका परिषद द्वारा पार्किंग शुल्क भी निर्धारित किया गया है जिसमें ऑटो/कार हेतु शुल्क:20 रु॰ व ई-रिक्शा/दोपहिया वाहन हेतु शुल्क: 10 रू॰ निर्धारित किया गया है। इस दौरान नगर के गणमान्य नागरिक, नगरपालिका के अधिकारी, स्थानीय नागरिक आदि उपस्थित रहे।

Next Story