उत्तर प्रदेश

नेपाल बॉर्डर पर तस्करी का नया तरीका, टैंकर में छिपाए 13 हजार किलो चीनी कद्दू बीज

nidhi
5 Oct 2026 7:53 AM IST
नेपाल बॉर्डर पर तस्करी का नया तरीका, टैंकर में छिपाए 13 हजार किलो चीनी कद्दू बीज
x
भारत-नेपाल बॉर्डर पर बड़ा खुलासा
सिद्धार्थनगर: भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी का नया तरीका सामने आया है। उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में खुनुवा बॉर्डर पर नेपाल से भारत लौट रहे दो फ्लाई ऐश टैंकरों की जांच के दौरान बड़ी मात्रा में चीन के कद्दू बीज और छिलके वाले अखरोट बरामद किए गए। टैंकरों के भीतर सामान छिपाने के लिए गुप्त हिस्से बनाए गए थे। कार्रवाई में कुल 13,840 किलोग्राम कद्दू बीज और 10,820 किलोग्राम अखरोट बरामद हुआ।
दोनों टैंकर उत्तर प्रदेश से फ्लाई ऐश लेकर नेपाल गए थे। फ्लाई ऐश उतारने के बाद जब वाहन वापस भारत लौट रहे थे, तब खुनुवा सीमा पर उन्हें जांच के लिए रोका गया। शुरुआती जांच में संदिग्ध सामान नजर नहीं आया, लेकिन बाद में गहन तलाशी लेने पर टैंकरों के अंदर छिपाकर रखी गई खेप का पता चला।
जांच में सामने आया कि टैंकरों में माल छिपाने के लिए अलग से गुप्त जगह तैयार की गई थी। नेपाल में फ्लाई ऐश पहुंचाने के बाद वापसी के दौरान इन्हीं हिस्सों में कद्दू बीज और अखरोट की बोरियां रखकर भारत लाया जा रहा था। इस तरीके से सामान्य जांच के दौरान सामान को छिपाने की कोशिश की गई थी। एक टैंकर से 40-40 किलोग्राम के 346 बोरे बरामद किए गए, जिनमें कुल 13,840 किलोग्राम चीनी कद्दू बीज था। दूसरे टैंकर से 10-10 किलोग्राम के 1,082 बैग मिले, जिनमें कुल 10,820 किलोग्राम छिलके वाला अखरोट भरा था। दोनों वाहनों और बरामद सामान को कस्टम विभाग ने कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की।
पूछताछ में पकड़े गए चालक और सहचालक ने बताया कि सामान नेपाल के तौलिहवा से लादा गया था और इसे बस्ती ले जाया जा रहा था। वहीं दूसरे टैंकर का चालक और सहचालक मौके से फरार हो गए। कस्टम विभाग अब बरामद माल की सप्लाई से जुड़े लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रहा है।
कद्दू बीज की तस्करी के पीछे कीमत का बड़ा अंतर भी सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक भारत में पैक कद्दू बीज की कीमत करीब 1,200 रुपये प्रति किलो और खुले बीज की कीमत करीब 1,000 रुपये प्रति किलो है। वहीं नेपाल के रास्ते आने वाला चीनी कद्दू बीज 350 से 500 रुपये प्रति किलो तक उपलब्ध होने की बात सामने आई है। भारत-नेपाल सीमा पर इससे पहले भी कद्दू बीज की खेप पकड़ी जा चुकी है। जून में शीतलापुर खेसरा में 76 बोरी कद्दू बीज बरामद किया गया था। अप्रैल में महाराजगंज के ठूठीबारी सीमा क्षेत्र में भी 40 क्विंटल से अधिक कद्दू बीज पकड़ा गया था।
फरवरी 2026 में भी भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी ने 350 किलोग्राम कद्दू बीज समेत कुल 2,600 किलोग्राम कृषि उत्पाद जब्त किया था। उस मामले में पकड़े गए व्यक्ति ने पूछताछ में नेपाल से कम कीमत पर सामान खरीदकर गोरखपुर और दिल्ली तक भेजे जाने की जानकारी दी थी। खुनुवा सीमा पर हुई ताजा बरामदगी के बाद कस्टम विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि इतनी बड़ी खेप किसके पास पहुंचाई जानी थी। इसके साथ ही इस सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
Next Story