उत्तर प्रदेश

नोएडा में बच्चों के लिए नई पहल, राजकीय बाल गृह में बना आधुनिक थीम पार्क

Ratna Netam
25 July 2026 9:08 PM IST
नोएडा में बच्चों के लिए नई पहल, राजकीय बाल गृह में बना आधुनिक थीम पार्क
x

नोएडा : किशोरों के सर्वांगीण विकास और उनके बेहतर भविष्य को ध्यान में रखते हुए नोएडा विकास प्राधिकरण द्वारा फेस-2 स्थित राजकीय बाल गृह (किशोर) में विकसित किए गए थीम पार्क का शनिवार को उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ न्यायमूर्ति एवं अध्यक्ष, किशोर न्याय समिति, उच्च न्यायालय इलाहाबाद, लखनऊ खंडपीठ तथा प्रशासनिक न्यायाधीश अजय भनोट ने किया।

थीम पार्क में किशोरों के लिए योग, आउटडोर गतिविधियों और खेलकूद जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। इसका उद्देश्य बाल गृह में रह रहे किशोरों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना और उनके शारीरिक, मानसिक एवं रचनात्मक विकास को बढ़ावा देना है।

उद्घाटन के बाद न्यायमूर्ति अजय भनोट ने पायलट प्रोजेक्ट के तहत बच्चों के लिए संचालित विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा की। इनमें योग, मेडिटेशन, खेल, थिएटर, पेंटिंग और व्यावसायिक प्रशिक्षण जैसे कार्यक्रम शामिल रहे। उन्होंने अधिकारियों से इन योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और बच्चों के हित में इन्हें और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

किशोरों ने प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यक्रम

कार्यक्रम के दौरान राजकीय बाल गृह में निरुद्ध किशोरों ने न्यायमूर्ति अजय भनोट के समक्ष सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास को देखकर न्यायमूर्ति ने उनकी सराहना की और उनका उत्साहवर्धन किया।

उन्होंने कहा कि बच्चों को सकारात्मक माहौल, शिक्षा, कौशल विकास और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना बेहद जरूरी है। ऐसे प्रयास उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ भविष्य में आत्मनिर्भर बनने में भी सहायक होंगे।

बालिका गृह का भी किया निरीक्षण

थीम पार्क के उद्घाटन के बाद न्यायमूर्ति अजय भनोट ने सेक्टर-62 स्थित राजकीय बाल गृह (बालिका) और राजकीय बाल गृह (किशोरी) का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां रह रही बालिकाओं और किशोरियों के लिए संचालित विकास कार्यक्रमों की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षा, कौशल विकास, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाल गृहों में रहने वाले बच्चों को सरकार की विभिन्न योजनाओं और कल्याणकारी कार्यक्रमों से जोड़ा जाए, ताकि उन्हें आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिल सकें।

थीम पार्क में किया वृक्षारोपण

इस अवसर पर न्यायमूर्ति अजय भनोट और जनपद न्यायाधीश गौतमबुद्ध नगर अतुल श्रीवास्तव ने थीम पार्क परिसर में वृक्षारोपण भी किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बच्चों को प्रकृति से जोड़ने के लिए ऐसे प्रयास उपयोगी साबित होंगे।

न्यायमूर्ति ने कहा कि आवासित बालक-बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए उन्हें बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बच्चों की शिक्षा, प्रशिक्षण और पुनर्वास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

अधिकारियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम के दौरान जनपद न्यायाधीश गौतमबुद्ध नगर अतुल श्रीवास्तव, प्रथम चेयरमैन/न्यायिक शेल्टर होम कमेटी एवं प्रधान न्यायाधीश अतिरिक्त परिवार न्यायालय सीमा सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अभिषेक कुमार-चतुर्थ, प्रधान मजिस्ट्रेट हृषीकेश पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) अजीत कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी मनोज कुमार पुष्कर, नोएडा विकास प्राधिकरण के निदेशक हॉर्टिकल्चर आनंद मोहन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने कहा कि बच्चों के पुनर्वास और विकास के लिए लगातार नए प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि उन्हें सुरक्षित वातावरण के साथ बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ाया जा सके।

Next Story