- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- NCR Mussoorie: डरपास...
NCR Mussoorie: डरपास में खड़ी बस बगैर चालक के ही अचानक चल जाने से दर्दनाक हादसा हुआ

मसूरी: राष्ट्रीय राजमार्ग नौ पर मसूरी अंडरपास में खड़ी बस बगैर चालक के ही अचानक चल जाने से दर्दनाक हादसा हो गया। हैंडब्रेक खुल जाने से बस 70 मीटर तक दौड़ती चली गई। इस दौरान सात लोगों को चपेट में लिया। इनमें से तीन साल की मासूम बच्ची आफिया उर्फ चुनमुन और आशा कार्यकर्ता रेशमा (36) की मौत हो गई जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
सात लोगों को टक्कर लगने के बाद बस पिपलैड़ा रोड पर डिवाइडर से टकराकर रुकी। पुलिस ने बस चालक सुनील कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उसकी लापरवाही से ही यह हादसा हुआ। वह बस को स्टार्ट स्थिति में ही छोड़कर चला गया था। पुलिस का कहना है कि बस में न चालक था और न परिचालक नितिन कुमार। चालक बस के पास खड़ा था। परिचालक उतरा ही था कि अचानक हैंडब्रेक खुला और बस दौड़ पड़ी।
सबसे पहले डासना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर आशा कार्यकर्ता रेशमा पत्नी मुस्तफा निवासी जाफर कालोनी मसूरी चपेट में आईं। उनके बाद बस आफिया पुत्री इखलाक निवासी मुहल्ला भदरान देहरा, धौलाना, हापुड़ को कुचलते हुए आगे निकल गई। रेशमा और आफिया की मौके पर ही मौत हो गई।
इन दोनों के बाद पिपलैड़ा रोड पर बीएम अस्पताल के पास बुलेट बाइक सवार आरिफ(38) पुत्र हमीद निवासी कलींदा बांगर रबुपुरा गौतमबुद्धनगर व मुस्तकीम (35) पुत्र युसुफ निवासी कैला भट्टा कोतवाली गाजियाबाद जो स्प्लेंडर बाइक पर पिपलैड़ा की ओर जाते हुए बस की चपेट में आकर घायल हो गए।
हादसे के वक्त आफिया की मां राहिला बच्चों को सड़क पर छोड़कर मेडिकल स्टोर पर दवा लेने गई थीं। इसी दौरान बस की चपेट में आने से आफिया की दो बहने आयशा (13) और माहीनूर (2) भी हादसे का शिकार होकर घायल हो गईं। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए बीएम अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से उन्हें पिलखुवा स्थित रामा अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
सरकार से मुआवजे की मांग: मौके पर पहुंचे पूर्व विधायक असलम चौधरी ने मृतकों के परिजनों को 50 लाख व घायलों को 10 लाख रुपये का मुआवजे की मांग सरकार से की है। हादसे के बाद काफी लोग जमा हो गए। उन्होंने कहा कि हादसे के शिकार लोगों की मदद की जानी चाहिए। उधर, डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि हादसा बस चालक की लापरवाही से हुआ। वह मौके से भाग गया था। पुलिस ने उसे तलाश कर गिरफ्तार कर लिया। हैंडब्रेक खुल जाने से बस चल पड़ी थी।





