- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- NCR Loni: दिल्ली...
NCR Loni: दिल्ली सहारनपुर मार्ग से वाहनों के पार्ट्स चोरी कर ट्रक में ले जा रहे दो गिरफ्तार

लोनी: चोरी के वाहनों के पार्ट्स को अलग कर ट्रक में भरकर दिल्ली बेचने जा रहे दो चोरों को पुलिस ने दिल्ली सहारनपुर मार्ग से सोमवार को गिरफ्तार किया है। कब्जे से ट्रक और 10 अलग-अलग वाहनों के पार्ट्स बरामद हुए हैं। पुलिस को देखते ही चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। गिरफ्तार हुए लोगों में इकराम नगर निवासी शावेज और सुहेल हैं।
एसीपी अंकुर विहार अजय कुमार ने बताया कि पुलिस की टीम दिल्ली सहारनपुर मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। तभी एक ट्रक को चेकिंग के लिए रोका तो उसका चालक सड़क किनारे ट्रक रोककर भाग गया। वहीं पुलिस ने ट्रक में बैठे दो युवकों को पकड़ लिया। ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें अलग-अलग वाहनों के चेसिस व अन्य कीमती पार्ट्स बरामद हुए। पार्ट्स के बारे में जानकारी की गई तो पता चला कि सभी पार्ट्स चोरी के वाहनों के है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वह पार्ट्स बेचने ले जा रहे थे। इससे पहले ही पुलिस ने दोनों आरोपियों शावेज व सुहेल निवासी इकराम नगर लोनी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वह चोरी के पार्ट्स को दिल्ली के गोकुलपुरी स्थित कबाड़ी आदिल को बेचने के लिए ले जा रहे थे। एसीपी अजय कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों पर दिल्ली में आठ व थाना लोनी में एक वाहन चोरी का मुकदमा दर्ज है।





