उत्तर प्रदेश

NCR Loni: पति पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप

Admindelhi1
17 March 2025 2:48 PM IST
NCR Loni: पति पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप
x
"महिला के भाई ने लोनी थाने में मुकदमा दर्ज कराया"

लोनी: कोतवाली क्षेत्र के मुस्तफाबाद कॉलोनी में रविवार रात सादिया ने अपने पति पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप लगाया है। 40 फीसदी से भी अधिक झुलसी सादिया को अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला ने पति पर दूसरी शादी करने का आरोप लगाया। दूसरी शादी करने को लेकर दोनों में अक्सर झगड़ा होता है। महिला के भाई ने लोनी थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।

मूलरूप से गांव आसरा जिला बागपत की निवासी सादिया की शादी 2019 में आरिफ निवासी मोहाली पानीपत के साथ हुई थी। सादिया के भाई सलमान ने बताया कि बहन और आरिफ लोनी के मुस्तफाबाद कॉलोनी में किराये के मकान में रहते हैं। दोनों की पांच वर्षीय बेटी हुमा, जुड़वा बच्चे फातिमा और मोहम्मद 17 माह है। सादिया ने पुलिस को जानकारी देते हुए बताया कि उनके पति ने दूसरी शादी की है। आरिफ पूर्व में मस्जिद में इमाम का काम करता था। झगड़े को लेकर दंपती पड़ोस में रहने वाले चाचा के घर पहुंचे थे। इसके बाद दोनों अपने घर आ गए। घर आने के बाद फिर से दोनों में झगड़ा हो गया। सादिया ने पुलिस को बताया कि झगड़े के बाद पति ने उनके ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग लगने पर उन्होंने शोर मचाया। शोर सराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसी तरह आग बुझाकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सादिया को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने 40 फीसदी से भी अधिक झुलसने की बात कही है। सूचना पाकर परिवार के लोग भी मौके पर पहुंचे। मामले में सादिया के भाई सलमान ने आरिफ पर बहन के ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप लगाते हुए शिकायत दी। लोनी एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि महिला के भाई की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की गई है। पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

Next Story