- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- NCR Loni: लापता मजदूर...

लोनी: ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र के इलायची पुर गांव में रहने वाले लापता गुड्डू का शव 2 दिन बाद रविवार सुबह यमुना नदी में मिला। गुड्डू होली के दिन अपने ठेकेदार के साथ घर से बाइक पर निकला था। घर वापस नहीं पहुंचने पर गुड्डू की पत्नी ने शनिवार रात ठेकेदार पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था।
इलायची पुर गांव में गुड्डू (36) परिवार के साथ किराये के मकान में रहते थे। वह मजदूरी करते थे। परिवार में पत्नी विटाना देवी, तीन बेटे शिवम दस वर्षीय, अतुल छह वर्ष, देवा दो वर्ष और बेटी सोनिया आठ वर्ष है। पत्नी विटाना देवी ने बताया कि होली के दिन गुड्डू का ठेकेदार सुनील घर पर आया था। उनके पति और सुनील ने होली खेलने के बाद शराब पी थी। शराब पीने के बाद दोनों घर से चले गए थे। देर शाम तक जब गुड्डू वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने तलाश किया। ठेकेदार से पूछा तो उसने बताया कि गुड्डू उसके पास से जा चुका था। गुड्डू का कहीं न पता लगने पर परिजनों ने पुलिस को शिकायत देकर ठेकेदार सुनील पर अपहरण करके ले जाने का मुकदमा ट्रॉनिका सिटी थाने में दर्ज कराया था। रविवार सुबह कुछ लोग यमुना नदी के पास घूम रहे थे। उनकी नजर पानी में तैर रहे व्यक्ति के शव पर पड़ी। उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान दिल्ली पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला। कुछ लोगों ने शव मिलने की सूचना गुड्डू के परिजनों को दी। परिवार के लोग भी मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त गुड्डू के रूप में की। एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण का पता चलेगा। ठेकेदार से पूछताछ की जा रही है। वह हत्या करने की बात से इन्कार कर रहा है।
यमुना नदी के पास शराब पी
पुलिस पूछताछ में ठेकेदार ने बताया कि वह गुड्डू को लेकर बाइक से यमुना नदीं के पास ले गया था। यहां भी दोनों ने फिर से शराब पी थी। शराब पीने के बाद उसकी पत्नी का फोन आ गया था। फोन आने पर ठेकेदार वापस घर लौट गया। इसके बाद उसे कुछ नहीं पता।
गुड्डू फोन घर छोड़ गया था
पत्नी ने पुलिस को बताया कि गुड्डू अपना फोन घर पर छोड़ गया था। दोपहर करीब ढाई बजे उन्होंने ठेकेदार को फोन कर पति से बात करने के लिए कहा था। ठेकेदार ने जवाब दिया कि गुड्डू उसके साथ है। कुछ ही देर में वापस चला जाएगा। इसके बाद उसकी पत्नी ठेकेदार को फोन करती रही, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। शक होने पर पत्नी ने पुलिस से मामले की शिकायत की थी।





