उत्तर प्रदेश

NCR Indirapuram: बैटरी चोरी गैंग के तीन बदमाश गिरफ्तार

Admindelhi1
21 Feb 2025 2:39 PM IST
NCR Indirapuram: बैटरी चोरी गैंग के तीन बदमाश गिरफ्तार
x
"पूछताछ में तीनों ने दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में कार बैटरी चोरी की करीब 80 वारदातों को स्वीकार किया"

इंदिरापुरम: थानाक्षेत्र के वसुंधरा सेक्टर दो बी और सेक्टर तीन में 30 से भी अधिक कार की बैटरी चोरी करने वाले गैंग के तीन सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनमें पूर्वी दिल्ली के पुराना मुस्तफाबाद स्थित दयालपुर निवासी परवेज, गोकुलपुरी निवासी बिलाल और आसिफ हैं। बृहस्पतिवार को एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने मामले का खुलासा किया। आरोपियों के कब्जे से 16 कार की बैटरी भी बरामद की गई हैं। पूछताछ में तीनों ने दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में कार बैटरी चोरी की करीब 80 वारदातों को स्वीकार किया है।

एसीपी ने बताया कि परवेज पांचवीं और बिलाल व आसिफ आठवीं पास हैं और तीनों दोस्त हैं। तीनों ने साथ मिलकर 17 फरवरी को वसुंधरा सेक्टर तीन स्थित एसजी होम्स की पार्किंग से पांच और उससे सात दिन पहले 11 फरवरी को सेक्टर दो बी में 300 मीटर तक खड़ी करीब 25 से भी ज्यादा गाड़ियों से बैटरी चोरी की थी। गिरफ्तार हुए आरोपी परवेज की दिल्ली में ही कबाड़ की दुकान भी है। एसीपी ने बताया कि बिलाल और आसिफ अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर सोसायटी में खड़ी कारों से बैटरी चोरी करते थे। इसके बाद परवेज के कबाड़ गोदाम में एकत्र कर अलग-अलग कबाड़ियों को बेचने का काम करते थे। पुलिस से बचने के लिए आरोपी फर्जी नंबर प्लेट लगी गाड़ी का इस्तेमाल करते थे।

एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में करीब 80 चोरी की वारदातें स्वीकार की हैं। परवेज के खिलाफ इंदिरापुरम थाने में दो, बिलाल के खिलाफ चोरी व आर्म्स एक्ट के सात और आसिफ पर तीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं। एसीपी ने बताया कि तीनों से पूछताछ के बाद गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश भी की जा रही है, जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।

Next Story