उत्तर प्रदेश

NCR Ghaziabad: होली के मद्देनजर मिनी कंट्रोल रूम से हो रही स्टेशन की दोहरी निगरानी

Admindelhi1
12 March 2025 2:20 PM IST
NCR Ghaziabad: होली के मद्देनजर मिनी कंट्रोल रूम से हो रही स्टेशन की दोहरी निगरानी
x

गाजियाबाद: होली के मद्देनजर गाजियाबाद स्टेशन पर भीड़ नियंत्रण व सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। एरिया आॅफिसर के कक्ष में बनाए गए मिनी कंट्रोल रूम से रेलवे स्टेशन की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। इसमें आरपीएफ, जीआरपी के अलावा अन्य इकाइयों के कर्मचारियों की डयूटी लगाई गई है।

आरपीएफ निरीक्षक यशवंत सलूजा ने बताया कि मिनी कंट्रोल रूम से स्टेशन की दोहरी निगरानी हो रही है। प्लेटफार्मों पर भीड़ को नियंत्रण करने के लिए अलग से बनाए गए प्रतीक्षालय में यात्रियों को रुकवाने की व्यवस्था कराई गई है। मिनी कंट्रोल रूम से समय समय पर जरूरी दिशा निर्देश जारी किए जा रहे हैं और मुख्यालय को इसकी रिपोर्ट भी भेजी जा रही है। होली की भीड़ स्टेशन पर जब तक कम नहीं होगी तब तक विशेष टिकट जांच दल भी सक्रिय रहेगा। किसी भी ऐसे यात्री, जिसकी सीट कन्फर्म नहीं है या फिर वह सामान्य टिकट ले रहा है, उसको आरक्षित श्रेणी में घुसने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसको लेकर विशेष सख्ती की जा रही है। त्योहार पर संयुक्त गश्त : होली के मददेनजर आरपीएफ, जीआरपी की टीम ने स्टेशन के सभी प्लेटफार्मों के अलावा स्टेशन के दोनों तरफ गश्त की। इस दौरान संदिग्धों से पूछताछ के अलावा यात्रियों के सामान की भी जांच की गई। इस दौरान यात्रियों से अधिकारियों ने अपील की है कि वह अफरा तफरी का माहौल पैदा न करें। खुद भी सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रहने दें का अधिकारियों ने पाठ पढाया।

बिना टिकट प्रवेश नहीं : विजयनगर व शहर साइड में स्टेशन पर आरपीएफ के जवान तैनात किए गए हैं, जो बिना टिकट यात्रियों की जांच कर रहे हैं। ऐसे किसी भी व्यक्ति को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है, जिसपर टिकट नहीं है। मुख्य टिकट काउंटर के अलावा स्टेशन के दोनों तरफ अस्थाई टिकट काउंटर बनाए गए हैं। मुख्य काउंटर पर भीड़ बढ़ते ही इनको खोला जा रहा है।

पांच घंटे 18 मिनट देरी से आई कलिंगा उत्कल : कलिंगा उत्कल अपने निर्धारित समय से पांच घंटे 18 मिनट देरी से गाजियाबाद पहुंची। इसको यहां सुबह 11 बजे पहुंचना था, लेकिन यह यहां 4:18 पर पहुंची। अवध असम एक्सप्रेस एक घंटे 47 मिनट, शालीमार एक्सप्रेस 25 मिनट, सीमांचल एक्सप्रेस 45 मिनट, छत्तीसगढ़ आधा घंटे, जम्मू तवी एक्सप्रेस तीन घंटे, आनंदविहार टर्मिनल सात घंटे देरी से गाजियाबाद पहुंची।

Next Story