उत्तर प्रदेश

NCR Ghaziabad: साइबर ठगों ने अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर मांगे पांच लाख

Admindelhi1
17 Feb 2025 2:58 PM IST
NCR Ghaziabad: साइबर ठगों ने अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर मांगे पांच लाख
x
"युवती ने साइबर थाने में शिकायत देकर रिपोर्ट दर्ज कराई"

गाजियाबाद: युवती को डिजिटल अरेस्ट कर साइबर ठगों ने पहले उनको जेल जाने का भय दिखाकर उनकी अश्लील वीडियो व फोटो बना ली। फिर वीडियो फोटो को वायरल करने की धमकी देकर उनसे पांच लाख रुपये की मांग की। मामले में युवती ने साइबर थाने में शिकायत देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।

राजनगर निवासी युवती ने बताया कि सितंबर माह में उनके पास अज्ञात नंबर से फोन आया। बात करने वाले ने वीडियो कॉल पर बात करने को कहा और खुद को पुलिस अधिकारी बताया। उनसे कहा कि उनके खाते में विदेश से फंडिंग हुई हैं। उनको जेल जाना पड़ेगा। अचानक से जेल की बात सुनकर वह डर गईं। आरोपियों ने उनको दिन में चार बार वीडियो कॉल पर लिया। इसके बाद वह मानसिक तनाव में आ गईं। ठग ने उनसे कहा कि मामला सुलझ सकता है। यदि वह कुछ अश्लील वीडियो व फोटो को शूट करा दें तो। घबराहट और शर्म की वजह से उन्होंने यह बात अपने परिजनों से भी नहीं बताई। पूरे दिन वह कमरे में ही बंद रहीं। बचाव का कोई रास्ता न देख वह वीडियो शूट कराने के लिए तैयार हो गईं। इसके बाद कॉल कट गई। फिर उनके पास ठगों ने मैसेज व कॉल करके कहा कि यदि उन्होंने पांच लाख रुपये उनको नहीं दिए तो उनकी वीडियो, फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी जाएगी। इसके बाद वह और परेशान हो गईं। वह तीन दिन तक गहरे सदमे में रहीं। इसके बाद उन्होंने यह बात अपने परिजनों को बताई। फिर उन्होंने इसकी शिकायत साइबर थाने में दी। इस बारे में एडीसीपी क्राइम सच्चिदानंद ने बताया कि जिन नंबरों से कॉल आई है। उनकी लोकेशन निकाली जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Next Story