- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- NCR Ghaziabad: मुख्य...
NCR Ghaziabad: मुख्य प्रशासनिक अधिकारी ने फर्जी शपथ पत्र देने वाले दो लोगों पर मुकदमा दर्ज किया

गाजियाबाद: धोखाधड़ी के आरोपियों ने अग्रिम जमानत पाने के लिए फर्जी आख्या और मुहर लगाकर जिला न्यायालय में याचिका दाखिल कर दी। शक होने पर प्रार्थना पत्र पर लगी अधिवक्ता की मुहर और आख्या की जांच पड़ताल की गई। पत्रों पर अधिवक्ता शाहिस्ता प्रवीन की मुहर और हस्ताक्षर के बाबत पूछताछ की गई। शाहिस्ता प्रवीन ने अपनी मुहर और हस्ताक्षर होने से इन्कार कर दिया। मुख्य प्रशासनिक अधिकारी ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कविनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
कविनगर थाने में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी ने बताया कि ट्रोनिका सिटी थाने में किरनपाल उर्फ कवित और सिद्धार्थ त्यागी के खिलाफ धोखाधड़ी और फर्जी कागजात बनाने के आरोप में मुकदमा दर्ज है। दोनों आरोपियों ने मंगलवार को जिला जज न्यायालय में अग्रिम जमानत के लिए याचिका दाखिल की। याचिका पर अधिवक्ता शाहिस्ता प्रवीन के हस्ताक्षर और मुहर लगी थी। पूछताछ में शाहिस्ता प्रवीन ने मुहर और हस्ताक्षर फर्जी होने की बात कही। आरोपी किरनपाल उर्फ कवित व सिद्धार्थ त्यागी के खिलाफ बीएनएस 318 (4) धोखाधड़ी करना, 338 दस्तावेजों की नकली प्रति बनाना, 336(3) नकली दस्तावेजों से धोखाधड़ी करना और 340(2) जाली दस्तावेज बनाना की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। कविनगर एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही दोनों को गिरफ्तार किया जाएगा।





