- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- NCR Ghaziabad: कार...
NCR Ghaziabad: कार सवार युवक ने 12वीं की छात्रा का पीछा कर अश्लील फब्तियां कसी

गाजियाबाद: पैदल स्कूल जा रही 12वीं की छात्रा का कार सवार युवक ने पीछा किया और अश्लील फब्तियां कसी। जवाब न देने पर कार सवार ने छात्रा को धमकी दी। युवक की हरकतों से परेशान छात्रा ने शोर मचाया। शोर मचाने पर जब कोई मदद के लिए नहीं आया तो वह रास्ते से ईंट उठाकर कार के पीछे दौड़ पड़ी। जिस पर आरोपी युवक मौके से भाग गया। कार सवार से भयभीत छात्रा ने स्कूल जाना छोड़ दिया। घटना का पता होने पर परिजनों ने कार सवार के खिलाफ सिहानीगेट कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है।
एसीपी नंदग्राम पूनम मिश्रा ने बताया कि राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र से कक्षा 12वीं की छात्रा सुबह आठ बजे पैदल लोहियानगर स्कूल जाती है। 6 जनवरी को छात्रा स्कूल के पास पहुंची तो कार सवार ने उसका पीछा किया। एहसास होने पर छात्रा सड़क किनारे तेज चलने लगी। आरोप है कि कार सवार ने छात्रा के बगल में कार लगाकर अश्लील फब्तियां कसी। आरोपी लगातार छात्रा का पीछा करता रहा और कार में बैठने को कहा। जवाब नहीं देने पर आरोपी कार सवार ने छात्रा को गालियां दी। इससे गुस्साई छात्रा ने शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद की गुहार लगाई और रास्ते से ईंट उठाकर कार के पीछे दौड़ पड़ी। छात्रा को देखकर कार सवार मौके से भाग गया। बताया कि कार सवार से भयभीत छात्रा ने स्कूल जाना बंद कर दिया है।
परिजनों ने कारण पूछा तो उसने घटना की जानकारी दी। जानकारी होने पर पिता छात्रा को लेकर थाने पहुंचे और अज्ञात कार सवार के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने छात्रा को सुरक्षा का आश्वासन दिया है। सिहानी गेट कोतवाली पुलिस ने बीएनएस की धारा 78(2) पीछा करना, 352 अभद्र भाषा का प्रयोग कर अपमान करना, 351 आपराधिक धमकी और 351(2) सम्मान को ठेस पहुंचाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसीपी ने बताया कि लोहियानगर चौकी पुलिस घटना स्थल के सीसीटीवी खंगाल रही है। जल्द ही आरोपी कार सवार को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस के आश्वासन के बाद छात्रा ने अपने पिता के साथ बृहस्पतिवार से स्कूल आना-जाना शुरू कर दिया है।





