उत्तर प्रदेश

Nawabganj: नलकूप खराब होने से खेतों में पानी की कमी

Admindelhi1
24 Dec 2025 1:27 PM IST
Nawabganj: नलकूप खराब होने से खेतों में पानी की कमी
x

नवाबगंज: क्षेत्र के चंदनी गांव में स्थित सरकारी नलकूप कुआं नंबर 138 के खराब होने से किसानों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। गेहूं की फसल की सिंचाई का समय होने के बावजूद नलकूप कई दिनों से बंद पड़ा है, जिसके चलते किसानों को पानी की भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। खेतों तक पानी न पहुंच पाने से फसल प्रभावित होने की आशंका गहराती जा रही है।

किसानों का कहना है कि यदि समय पर गेहूं की फसल को पानी नहीं मिला, तो उसकी बढ़वार रुक जाएगी और उत्पादन पर सीधा नकारात्मक असर पड़ेगा। नलकूप लंबे समय से खराब पड़ा होने के कारण किसान बेहद चिंतित हैं और उनकी मेहनत पर पानी फिरने का खतरा मंडरा रहा है। सिंचाई की वैकल्पिक व्यवस्था न होने से छोटे और मध्यम किसानों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

स्थानीय किसानों राजीव कुमार, वीरेंद्र सिंह, राजेंद्र बहादुर, बृजलाल राठौर, रजाहसन, अक्कू खां, सलीम खां और साबिर खां ने बताया कि नलकूप खराब होने के कारण उन्हें लगातार समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि खेतों में खड़ी फसल सूखने की कगार पर है और यदि जल्द ही नलकूप ठीक नहीं कराया गया, तो उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

इस संबंध में सिंचाई विभाग के ऑपरेटर महिमा चंद से बातचीत की गई। उन्होंने किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए नलकूप को शीघ्र ठीक कराने का आश्वासन दिया है। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि नलकूप की मरम्मत का कार्य जल्द से जल्द कराया जाए, ताकि समय रहते गेहूं की फसल की सिंचाई हो सके और किसानों को राहत मिल सके।

Next Story