उत्तर प्रदेश

Nawabganj: आक्रोशित महिलाओं ने गली का निर्माण न होने से नगर पंचायत में की तालाबंदी

Admindelhi1
31 May 2025 5:05 PM IST
Nawabganj: आक्रोशित महिलाओं ने गली का निर्माण न होने से नगर पंचायत में की तालाबंदी
x
नगर पंचायत अध्यक्ष व अधिशाषी अधिकारी की महिलाओं ने एक नहीं सुनी

नवाबगंज: नगर के मुहल्ला भगत सिंह में लोगों के अवागमन के लिए गली का निर्माण नहीं कराया गया है। गली का निर्माण न होने से मार्ग पर गंदा पानी व कीचड़ रहता है। जिससे मुहल्ले के लोगों को निकलने में असुविधा हो रही है। शिकायतों के बाद भी नगर पंचायत द्वारा ध्यान न देने पर मुहल्ले के लोग आक्रोशित हो गए। शुक्रवार को मुहल्ले की लगभग एक दर्जन से अधिक महिलाओं ने नगर पंचायत कार्यालय पहुंचकर हंगामा किया और मौजूद कर्मचारियों को बाहर निकालकर कार्यालय के मेन गेट पर ताला लगा दिया।

मौके पर पहुंचे लिपिक विकास गंगवार ने महिलाओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने एक न सुनी। सूचना पर पहुंचे नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल कुमार राजपूत व ईओ अखिलेश कुमार ने भी महिलाओं को समझाया, लेकिन महिलाओं ने एक न सुनी। मौके पर पहुंचे सभासद प्रतिनिधि अमन राठौर के समझाने व 15 दिन में निर्माण होने के आश्वासन पर महिलाओं ने ताला खोला। इस दौरान लगभग ढाई घण्टे तक कार्यालय में ताला लगा रहा। थानाध्यक्ष विद्यासागर तिवारी ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली।

Next Story