- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- राष्ट्रीय महिला आयोग...
राष्ट्रीय महिला आयोग ने की कड़ी निंदा, दोषियों को सजा दिलाने का भरोसा

UP उत्तर प्रदेश – राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) की प्रमुख विजया रहाटकर ने उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में दहेज के लिए विवाहिता निक्की को कथित तौर पर जिंदा जलाने की घटना को निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि आजादी के 75 साल बाद भी हमारी बेटियां दहेज जैसी कुप्रथा की भेंट चढ़ रही हैं। मीडिया से बातचीत में रहाटकर ने कहा, "यह घटना हत्या नहीं, बल्कि पूरे समाज को झकझोरने वाली त्रासदी है। अगर आजादी के इतने सालों बाद भी हमारी बेटियां दहेज जैसी कुप्रथा का शिकार हो रही हैं, तो इससे बुरी बात और कोई नहीं हो सकती। मैं इस घटना की कड़ी निंदा करती हूं। ऐसी घटनाएं चिंता का विषय हैं।" एनसीडब्ल्यू प्रमुख ने बताया कि आयोग ने इस घटना का संज्ञान लेते हुए उत्तर प्रदेश के डीजीपी को तुरंत पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि जांच तत्काल होनी चाहिए और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। आयोग इस मामले की निगरानी कर रहा है और दोषियों को सजा दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेगा।
विजया रहाटकर ने दहेज प्रथा के खिलाफ कानूनों की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा, "दहेज के खिलाफ कड़े कानून बने हैं और उनका पालन होना चाहिए। कानून अपनी जगह पर काम करता है, लेकिन समाज की घटिया सोच को बदलना आवश्यक है। इसके लिए हम सबको मिलकर काम करने की जरूरत है।" ग्रेटर नोएडा में हुई इस घटना में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसमें पति विपिन भाटी, विवाहिता की सास, ससुर और जेठ शामिल हैं। घटना के बाद एनसीडब्ल्यू ने यूपी पुलिस को निर्देश दिया है कि तीन दिनों के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट आयोग को प्रस्तुत की जाए। राष्ट्रीय महिला आयोग ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आयोग की निगरानी में जांच में किसी प्रकार की देरी नहीं होने दी जाएगी। विजया रहाटकर ने कहा कि दहेज जैसी कुप्रथाएं न केवल महिलाओं के जीवन को खतरे में डालती हैं, बल्कि समाज की मानसिकता को भी प्रभावित करती हैं।
उन्होंने सभी नागरिकों और समाज से भी अपील की कि वे इस तरह की घटनाओं के खिलाफ सक्रिय रूप से आवाज उठाएं, ताकि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। रहाटकर ने कहा कि दहेज प्रथा को खत्म करने के लिए सख्त कानूनों का पालन और समाजिक जागरूकता दोनों की आवश्यकता है। ग्रेटर नोएडा दहेज हत्या ने फिर से यह सवाल उठाया है कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए कितनी सतर्कता बरती जा रही है। राष्ट्रीय महिला आयोग इस मामले की लगातार निगरानी करेगा और दोषियों को उचित सजा दिलाने के लिए पूरी तरह सक्रिय रहेगा।





