- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- कांवड़ियों से गूंजा...
कांवड़ियों से गूंजा नाथ नगरी, सोमवार को लगेगा भोले का जयकारा

उत्तर प्रदेश, बरैली: सावन माह शुरू होते ही बरेली की नाथ नगरी में शिवभक्ति का उत्साह चरम पर पहुंच गया है। श्रावण मास के दूसरे दिन शनिवार को शहर से कांवड़ियों के पांच अलग-अलग जत्थे गंगाजल लेने के लिए बदायूं स्थित कछला घाट के लिए रवाना हुए। कांवड़िए वहां से पवित्र गंगाजल लेकर वापस लौटेंगे और सोमवार को जिले के प्रमुख शिवालयों व नाथ मंदिरों में भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे।
कांवड़ यात्रा पर निकलने से पहले श्रद्धालुओं ने मंदिरों में पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया और यात्रा की सफलता व मंगलमय होने की कामना की। भगवा वस्त्र पहने कांवड़ियों के हाथों में कांवड़ और जुबान पर भगवान शिव के जयकारे नजर आए। पूरे रास्ते हर-हर महादेव और बम-बम भोले के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय हो गया।
श्रावण मास के दूसरे दिन बरेली के प्रमुख शिव मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। धोपेश्वरनाथ, त्रिवटीनाथ, अलखनाथ, बनखंडीनाथ सहित शहर के अन्य शिवालयों में सुबह से ही भक्त जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचने लगे। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और पुष्प अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और देश की खुशहाली की प्रार्थना की।
कांवड़ियों के कछला रवाना होने के साथ ही प्रशासन ने भी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह और एडीएम न्यायिक देश दीपक सिंह ने बदायूं रोड पर कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए सामाजिक और धार्मिक संगठनों की ओर से जगह-जगह सेवा शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों में कांवड़ियों के लिए पेयजल, शरबत, फल, प्राथमिक उपचार और विश्राम की व्यवस्था की गई है। यात्रा मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती भी की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
कछला घाट से गंगाजल लेकर लौटने वाले कांवड़ियों की संख्या भी अब बढ़ने लगी है। कई श्रद्धालु गंगाजल लेकर अपने-अपने क्षेत्रों के शिव मंदिरों में पहुंच रहे हैं। भगवा रंग में रंगे श्रद्धालुओं की टोली और शिव भजनों से शहर का माहौल पूरी तरह शिवमय नजर आ रहा है।
सोमवार को सावन के शुभ दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु नाथ नगरी के शिव मंदिरों में जलाभिषेक करेंगे। इसे देखते हुए मंदिरों में भी विशेष तैयारियां की जा रही हैं। प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर इंतजाम किए हैं।
श्रावण मास के साथ ही बरेली में धार्मिक गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। आने वाले दिनों में कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना है। नाथ नगरी में चारों ओर शिवभक्ति का माहौल दिखाई दे रहा है और सोमवार को एक बार फिर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से पूरा शहर गूंज उठेगा।





