- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- नाम अनिल-संजय, दोनों...
उत्तर प्रदेश
नाम अनिल-संजय, दोनों मुस्लिम; विवाद के बाद पुलिस सुरक्षा में हुआ दो बहनों का निकाह
jantaserishta.com
13 Nov 2026 6:46 PM IST

x
जानें पूरा मामला.
सहारनपुर: सहारनपुर के गंगोह कस्बे में गुरुवार को पुलिस की कड़ी निगरानी में दो सगी मुस्लिम बहनों का निकाह शांतिपूर्वक संपन्न हो गया. हरियाणा के हिसार जिले के छोटी सातरोड निवासी अनिल और जींद जिले के ढांडाखेड़ी निवासी संजय बरात लेकर मोहल्ला अनारकली पहुंचे थे. दरअसल, सोशल मीडिया पर शादी के कार्ड वायरल होने के बाद दूल्हों के हिंदू नाम देखकर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई थी और निकाह रुकवाने की धमकी दी थी. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने बरातघर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया, जिसकी मौजूदगी में सारी रस्में पूरी हुईं.
गुरुवार को जब दोनों मौसेरे भाई अनिल और संजय अपनी-अपनी बरात लेकर गंगोह पहुंचे, तो लड़की पक्ष के लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. निकाह रुकवाने की पिछली धमकियों के मद्देनजर पुलिस ने बरातघर के बाहर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे. पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में ही निकाह की सभी रस्में शुरू हुईं. इस दौरान किसी ने भी मौके पर पहुंचकर कोई विरोध नहीं किया। दोनों बहनों का निकाह बेहद शांतिपूर्ण माहौल में पूरा हुआ, जिसके बाद समारोह में शामिल सभी मेहमानों को छुआरे बांटे गए.
गंगोह के मोहल्ला अनारकली की रहने वाली इन दोनों बहनों की शादी 12 नवंबर को तय हुई थी. जब शादी के कार्ड सोशल मीडिया पर वायरल हुए, तो दूल्हों के नाम अनिल और संजय देखकर विवाद खड़ा हो गया. दोनों युवक मुस्लिम परिवार से हैं, लेकिन उनके नाम हिंदू परंपरा के अनुसार रखे गए हैं. आरोप है कि कुछ लोगों ने गार्डन संचालक को फोन कर बुकिंग रद्द करने का दबाव बनाया और समारोह में बाधा डालने की धमकी दी. इसमें हिंदू सुरक्षा सेवा संघ के जिलाध्यक्ष रोहित प्रधान का नाम भी सामने आया था.
इस पूरे विवाद के बीच दूल्हों के परिजनों ने हिंदू नाम रखने के पीछे की ऐतिहासिक वजह बताई. उन्होंने जानकारी दी कि उनके परिवार में यह परंपरा साल 1947 के देश विभाजन के समय से चली आ रही है. उस कठिन दौर में गांव के हिंदू परिवारों ने उनके पूर्वजों की जान बचाने के लिए उनकी पहचान छिपाकर उन्हें हिंदू बताया था. उसी आपसी भाईचारे और सहयोग की याद को जिंदा रखने के लिए परिवार ने अपने बच्चों के हिंदू नाम रखने की शुरुआत की थी, जो आज भी जारी है.
लड़की पक्ष द्वारा कोतवाली में दो लोगों के खिलाफ शिकायत दिए जाने के बाद पुलिस पूरी तरह सतर्क थी. सीओ शैलेंद्र प्रताप गौतम ने बताया कि पुलिस मामले पर लगातार नजर रख रही थी और सुरक्षा के लिए गार्डन में जवान तैनात किए गए थे. पुलिस ने साफ चेतावनी दी थी कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी. निकाह समारोह में भारतीय किसान यूनियन टिकैत के ब्लॉक अध्यक्ष हाजी तहसीन चौधरी, नगर अध्यक्ष मेहरबान कुरैशी और सरफराज समेत कई स्थानीय लोग मौजूद रहे.
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





