उत्तर प्रदेश

नड्डा ने किया अपनी टीम का ऐलान

Harrison
29 July 2023 11:18 AM GMT
नड्डा ने किया अपनी टीम का ऐलान
x
उत्तर प्रदेश | भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने शनिवार को अपनी राष्ट्रीय टीम में फेरबदल करते हुए कर्नाटक के सी टी रवि और असम से लोकसभा सांसद दिलीप सैकिया की राष्ट्रीय महासचिव पद से और पूर्व केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह की उपाध्यक्ष पद से छुट्टी कर दी। वहीं, भाजपा की तेलंगाना इकाई के पूर्व अध्यक्ष बंडी संजय कुमार और उत्तर प्रदेश से पार्टी के सांसद राधामोहन अग्रवाल को रवि और सैकिया की जगह नया महासचिव नियुक्त किया गया है, जबकि उत्तर प्रदेश से ही पसमांदा मुसलमान समाज से ताल्लुक रखने वाले अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के पूर्व कुलपति तारिक मंसूर को सिंह की जगह नया राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। मंसूर वर्तमान में उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य (एमएलसी) हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक, उन्हें नई टीम में शामिल करने के फैसले को पसमांदा मुसलमानों के लिए पार्टी की पहल का हिस्सा माना जा रहा है। नई सूची में ज्यादातर पदाधिकारियों को उपाध्यक्ष, महासचिव और सचिव के पद पर बरकरार रखा गया है। सूची में 13 उपाध्यक्ष, 9 महासचिव, संगठन महामंत्री बी एल संतोष और 13 सचिव शामिल हैं। सांसद विनोद सोनकर और हरिश द्विवेदी के साथ ही सुनील देवधर को राष्ट्रीय सचिव पद से हटा दिया गया है। सोनकर और द्विवेदी उत्तर प्रदेश से लोकसभा सांसद हैं। देवधर ने त्रिपुरा में भाजपा को पहली बार सत्ता में लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसके बाद पार्टी में उनका कद बढ़ा था। उन्हें राष्ट्रीय सचिव के साथ ही आंध्र प्रदेश का सह-प्रभारी बनाया गया था।
बता दें कि उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के सदस्य सुरेंद्र नागर को सचिव के रूप में पार्टी की राष्ट्रीय टीम में शामिल किया गया है। वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ए के एंटनी के बेटे अनिल एंटनी और असम से राज्यसभा सांसद कामाख्या प्रसाद तासा को राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया गया है। उत्तराखंड से राज्यसभा सांसद नरेश बंसल को पार्टी का नया सह-कोषाध्यक्ष बनाया गया है। वह मध्य प्रदेश के सांसद सुधीर गुप्ता की जगह लेंगे। गुप्ता गुजरात के सह-प्रभारी भी थे। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद से हटाए गए राधामोहन सिंह के पास उत्तर प्रदेश जैसे महत्वपूर्ण राज्य का प्रभार था, जबकि राष्ट्रीय महासचिव के पद से हटाए गए सी टी रवि महाराष्ट्र, गोवा और तमिलनाडु के प्रभारी थे। सैकिया के पास अरुणाचल प्रदेश का प्रभार था। भाजपा संगठन में प्रभारी और सह-प्रभारियों की भूमिका अहम होती है। वे पार्टी की प्रदेश इकाई और केंद्रीय नेतृत्व के बीच कड़ी का काम करते हैं।
सूची इस प्रकार है:-
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष :- डॉ. रमन सिंह, श्रीमती वसुंधरा राजे, रघुबर दास, सौदान सिंह, बैजयंत पांडा, सुश्री सरोज पाण्डेय, श्रीमती रेखा वर्मा, श्रीमती डी के अरुणा, एम. चौबा एओ, अब्दुल्ला कुट्टी, लक्ष्मीकांत बाजपेई, श्रीमती लता उसेंडी और तारिक मंसूर। राष्ट्रीय महासचिव: सर्वश्री अरुण सिंह, कैलाश विजयवर्गीय, दुष्यंत कुमार गौतम, तरुण चुघ, विनोद तावड़े, सुनील बंसल, संजय बंडी और राधामोहन अग्रवाल। राष्ट्रीय संगठन महामंत्री : श्री बी एल संतोष राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री : शिवप्रकाश (केन्द्र : लखनऊ) राष्ट्रीय सचिव: श्रीमती विजया राहटकर, सत्या कुमार, अरविंद मेनन, सुश्री पंकजा मुंडे, डॉ. नरेन्द्र सिंह रैना, डॉ. अल्का गुर्जर, अनुपम हाजरा, ओम प्रकाश ध्रुवे, ऋतुराज सिन्हा, श्रीमती आशा लाकड़ा, कामाख्या प्रसाद तासा, सुरेन्द्र सिंह नागर और अनिल एंटनी राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष : राजेश अग्रवाल
राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष : नरेश बंसल।
Next Story