उत्तर प्रदेश

Muzaffarnagar: जंगल में गोवंश के शव मिलने से गुस्से में संत समाज

Admindelhi1
20 Jun 2025 9:47 AM IST
Muzaffarnagar: जंगल में गोवंश के शव मिलने से गुस्से में संत समाज
x
महंत यशवीर ने की कार्रवाई की मांग

मुजफ्फरनगर: थाना शाहपुर क्षेत्र के गांव पलड़ी के जंगल में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब सोशल मीडिया पर गोवंशों की दुर्दशा का एक वीडियो वायरल हो गया। इस वीडियो में कई मृत गोवंश सड़क किनारे पड़े दिखे, जबकि कुछ के शवों को आवारा कुत्ते नोचते नज़र आए। दिल दहला देने वाला यह दृश्य सामने आते ही पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और प्रशासन में भी खलबली मच गई।

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पलड़ी गांव के पास मुख्य मार्ग के किनारे कई गोवंश मृत अवस्था में पड़े हैं। शवों को कुत्ते नोच रहे थे, जिससे स्थानीय लोगों में भय और गुस्सा दोनों का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने इसे प्रशासन की गंभीर लापरवाही बताया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

घटना की जानकारी मिलते ही बघरा स्थित यशवीर आश्रम के महंत स्वामी यशवीर महाराज ने वीडियो पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इस घटना को ‘गोमाता का घोर अपमान’ करार देते हुए प्रशासन को कड़ी चेतावनी दी। उनका कहना था कि, “यह स्थिति हमारी संस्कृति और सभ्यता के खिलाफ है। यदि तुरंत कार्रवाई नहीं होती, तो हम आंदोलन का रास्ता अपनाते।”

स्वामी यशवीर महाराज के सख्त रुख के बाद प्रशासन हरकत में आया और तत्काल पुलिस व राजस्व विभाग की टीम मौके पर भेजी गई। नगर निकाय की सहायता से सभी मृत गोवंशों के शवों को विधिवत गड्ढा खुदवाकर दफन कराया गया। इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्रीय जनता में कुछ हद तक संतोष देखने को मिला।

महंत यशवीर महाराज ने प्रशासन की इस कार्यवाही को “शुरुआती कदम” बताते हुए सराहना की, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि घटनास्थल पर एक चेतावनी बोर्ड लगाया जाए, जिस पर स्पष्ट रूप से लिखा हो – “इस स्थान पर किसी गोवंश या बछड़े का शव न फेंका जाए, ऐसा करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में प्रशासन लापरवाही करता है या ऐसी घटनाएं दोहराई जाती हैं, तो संन्यासी समाज आंदोलन करने को बाध्य होगा।

Next Story