उत्तर प्रदेश

Muzaffarnagar: प्रेमी के साथ मिलकर मां ने की बच्चों की हत्या

Admindelhi1
21 Jun 2025 11:39 AM IST
Muzaffarnagar: प्रेमी के साथ मिलकर मां ने की बच्चों की हत्या
x

मुजफ्फरनगर: जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां अवैध संबंधों में फंसी एक मां ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने दो मासूम बच्चों को जहर देकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने बच्चों का पोस्टमार्टम कर कातिल मां को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका प्रेमी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है और उसकी तलाश जारी है।

मामला थाना भोपा क्षेत्र के गांव रुड़कली का है। 19 जून की दोपहर पुलिस को सूचना मिली कि गांव में दो बच्चों की संदिग्ध मौत हो गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने 5 वर्षीय अरहान और 1 वर्षीय इनाया को मृत पाया। बच्चे के पिता वसीम चंडीगढ़ में काम कर रहे थे, जबकि मां मुस्कान (24) घर पर मौजूद थी।

शुरुआती पूछताछ में मुस्कान ने बच्चों को सुबह नाश्ते में चाय और बिस्कुट दिया था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्चों के शरीर में जहर पाए जाने के बाद पुलिस ने कड़ी पूछताछ की। पूछताछ में मुस्कान ने अपने अपराध को कबूल करते हुए बताया कि वह अवैध संबंधों में है और उसके प्रेमी जुनैद ने बच्चों को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी।

मुस्कान ने बताया कि उसकी शादी 7 वर्ष पहले रुड़कली निवासी वसीम से हुई थी, लेकिन दो वर्षों से वसीम टीवी की बीमारी से पीड़ित है और अपनी पत्नी की इच्छाओं को पूरा नहीं कर पा रहा था। इसी दौरान मुस्कान का जुनैद से प्रेम हो गया। पति की गैरमौजूदगी में मुस्कान और जुनैद के बीच अवैध संबंध थे। मुस्कान ने जुनैद से शादी करने की जिद की, लेकिन जुनैद ने बच्चों के खर्च को लेकर मना कर दिया। इसके बाद दोनों ने मिलकर बच्चों को मारने की साजिश रची।

19 जून की सुबह मुस्कान ने बच्चों को जहर मिलाकर उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है, जबकि जुनैद फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। मुस्कान को अपने दोनों बच्चों की मौत का कोई पछतावा नहीं है।

Next Story