- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Muzaffarnagar: साइकिल...

मुज़फ्फरनगर: रुड़की रोड स्थित आनंद भवन में रामा साइकिल शोरूम में सोमवार को अचानक भीषण आग लग गई। धुएं का गुबार उठता देख स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना शोरूम मालिक कुलभूषण बजाज और फायर ब्रिगेड को दी। आग इतनी तेज़ थी कि शटर खोलते ही अंदर धधकती लपटें नज़र आईं।
सूचना पर फायर ब्रिगेड की तीन दमकल गाड़ियाँ मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। गनीमत रही कि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे ऊपरी मंजिल और आसपास के भवनों तक आग नहीं फैल पाई।
शोरूम संचालक कुलभूषण बजाज ने बताया, “आसपास के लोगों से कॉल आने पर मुझे घटना की जानकारी मिली। जैसे ही मैं मौके पर पहुंचा और शटर खोला, तो देखा आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी।” उन्होंने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित किया, जिससे समय रहते बड़ी अनहोनी टल गई।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनुराग कुमार ने बताया कि आग पर तुरंत काबू पाने के लिए टीम ने तेज़ी से एक्शन लिया। उन्होंने कहा, “फायर टेंडर ने मौके पर पहुंचकर शटर को उखाड़ा और फ्लेम्स को ऊपर की मंजिल पर फैलने से रोका गया।”
हालांकि अभी तक आग लगने के कारण और कुल नुकसान का अनुमान नहीं लगाया जा सका है। जांच जारी है।





