उत्तर प्रदेश

Muzaffarnagar: भारतीय ई-रिक्शा यूनियन ने रूट निर्धारण के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया

Admindelhi1
27 May 2025 5:10 PM IST
Muzaffarnagar: भारतीय ई-रिक्शा यूनियन ने रूट निर्धारण के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया
x

मुजफ्फरनगर: भारतीय ई-रिक्शा मजदूर यूनियन के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने मुजफ्फरनगर जिले में ई-रिक्शा रूट निर्धारण के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने जिलाधिकारी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम एक ज्ञापन सौंपा जिसमें उन्होंने मांग की कि मुजफ्फरनगर जैसे छोटे जिले में ई-रिक्शाओं का रूट निर्धारण प्रक्रिया पूरी तरह से बंद की जाए।

यूनियन अध्यक्ष सुदेश गौतम ने बताया कि आरटीओ विभाग के कर्मचारी और दलाल फिटनेस, टैक्स, ड्राइविंग लाइसेंस आदि के नाम पर ई-रिक्शा चालकों से अवैध रूप से भारी वसूली कर रहे हैं। अधिक पैसा न देने पर चालकों का समय भी बर्बाद किया जाता है। उन्होंने बताया कि चार दिन पहले ट्रैफिक प्रशासन के साथ रूट निर्धारण को लेकर एक बैठक हुई थी, जिसमें उन्होंने स्पष्ट किया कि मुजफ्फरनगर जिला छोटा होने के कारण रूट निर्धारण से ई-रिक्शा चालकों का भारी नुकसान होगा और उनका कर्ज बढ़ जाएगा।

सुदेश गौतम ने कहा कि पहले से ही ई-रिक्शा चालकों पर भारी कर्ज है, इसलिए रूट निर्धारण नहीं होना चाहिए। इसके बजाय उन रिक्शाओं पर कार्रवाई हो जो बिना कागजात के अवैध रूप से चल रही हैं। उन्होंने कहा कि ARTO कार्यालय में भी चालकों के साथ गलत व्यवहार हो रहा है, टैक्स, फिटनेस और लाइसेंस के नाम पर उनसे लूट की जा रही है। ई-रिक्शा चालक अपनी रोजी-रोटी के लिए काम करता है और जो वह रोजाना 200-300 रुपये कमाता है, उसमें से वह रिक्शा की किस्त भी भरता है।

यूनियन ने सरकार से अनुरोध किया है कि इस समस्या को गंभीरता से लें और ई-रिक्शा चालकों के अधिकारों की रक्षा की जाए।

Next Story