- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Muzaffarnagar: सील...
Muzaffarnagar: सील होटल में फिर शुरू हुआ अनैतिक धंधा, पुलिस ने मारा छापा

मुज़फ्फरनगर: जिला प्रशासन की सख्ती और कानूनी कार्रवाई के बावजूद कुछ लोग कानून की आंखों में धूल झोंकने से बाज नहीं आते। ऐसा ही एक मामला नई मंडी थाना क्षेत्र के एनएच-58 पर स्थित चर्चित ली ऑन होटल से सामने आया है, जिसे करीब डेढ़ महीने पहले सिटी मजिस्ट्रेट की टीम ने अवैध गतिविधियों के चलते सील कर दिया था।
लेकिन हैरानी की बात यह रही कि होटल मालिक पंकज पाल ने सरकारी आदेशों की धज्जियां उड़ाते हुए पिछले दरवाजे से होटल का संचालन जारी रखा और फिर से अनैतिक गतिविधियों को अंजाम देना शुरू कर दिया।
सूचना पर हुई छापेमारी, चौकाने वाले दृश्य
स्थानीय लोगों को जब इस गुपचुप गतिविधि की भनक लगी तो उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। सोमवार को नई मंडी थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और होटल की घेराबंदी की।
पुलिस ने होटल के पिछले दरवाजे से प्रवेश किया और अंदर का नज़ारा देख सभी स्तब्ध रह गए। वहां चार जोड़े युवक-युवतियां आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए।
युवक-युवतियां छोड़े गए, होटल मालिक हिरासत में
पूछताछ में सभी युवक-युवतियां बालिग पाए गए। उन्हें कड़ी चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। लेकिन होटल मालिक पंकज पाल को मौके से हिरासत में ले लिया गया और थाने भेज दिया गया।
पुलिस द्वारा की गई तलाशी में कई आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई है, जिससे स्पष्ट है कि होटल के अंदर अवैध गतिविधियाँ सुनियोजित तरीके से संचालित की जा रही थीं।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई, अब और कठोरता तय
नई मंडी सीओ रूपाली राव ने इस पूरे घटनाक्रम पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि होटल पहले भी सील किया गया था। बावजूद इसके मालिक ने न केवल नियमों की अनदेखी की, बल्कि दोबारा उसी अपराध को दोहराया। उन्होंने कहा कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सवाल उठते हैं प्रशासनिक निगरानी पर
यह मामला प्रशासनिक निगरानी पर भी सवाल खड़े करता है। सील की गई संपत्ति में दोबारा अवैध गतिविधियाँ कैसे शुरू हो गईं? क्या निगरानी तंत्र में कोई ढील रही या फिर भ्रष्ट तंत्र का असर था? इन सवालों के जवाब अब जांच और कार्रवाई से सामने आएंगे।





