- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Muzaffarnagar:...
Muzaffarnagar: दिनदहाड़े श्रीराम कॉलेज के छात्र पर फायरिंग

मुज़फ्फरनगर: शहर के पॉश इलाके रेशु विहार तिराहे पर सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे उस समय हड़कंप मच गया जब कुछ युवकों के बीच झगड़ा इस कदर बढ़ गया कि फायरिंग हो गई। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग सहम गए। सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइन पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और हालात को काबू में किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि यह फायरिंग श्रीराम कॉलेज के छात्र हिमांशु बालियान पर की गई थी, जो कि थाना तितावी क्षेत्र का रहने वाला है और वर्तमान में बीसीए का छात्र है। हिमांशु पर सेंकी नामक युवक और उसके कुछ साथियों द्वारा जानलेवा हमला किया गया। झगड़े के दौरान फायरिंग भी की गई, हालांकि गनीमत रही कि हिमांशु को गोली नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गया।
फायरिंग की यह पूरी घटना एक स्थानीय व्यक्ति द्वारा मोबाइल कैमरे में कैद कर ली गई, जिसका वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरह से झगड़ा होता है और फिर अचानक गोलियों की आवाज गूंजती है, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल जाती है। घटना के बाद युवक भागते हुए भी नजर आते हैं। पुलिस इस वीडियो को भी जांच का हिस्सा बना चुकी है।
घटना की गम्भीरता को देखते हुए थाना सिविल लाइन पुलिस ने आईपीसी की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी नगर राजू कुमार साव ने जानकारी देते हुए बताया, “प्रथम दृष्टया यह मामला आपसी रंजिश और दबंगई का प्रतीत हो रहा है। घटना में प्रयुक्त असलहे की जानकारी जुटाई जा रही है और नामजद आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं और शीघ्र ही अभियुक्तों को गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही की जाएगी।”
CO ने यह भी स्पष्ट किया कि शहर की शांति व्यवस्था भंग करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस इस पूरे मामले को गंभीरता और संवेदनशीलता से ले रही है। रेशु विहार और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी कर दी गई है, जिससे लोगों में विश्वास बहाल हो सके।
दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग की घटना से रेशु विहार व आस-पास के इलाके में खौफ का माहौल है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि खुलेआम हथियार लहराकर फायरिंग करना कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।





