उत्तर प्रदेश

Muzaffarnagar: चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने पालिका मुख्यालय का औचक निरीक्षण किया

Admindelhi1
30 Jun 2025 9:45 PM IST
Muzaffarnagar: चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने पालिका मुख्यालय का औचक निरीक्षण किया
x
"दस कर्मचारी मिले गैरहाजिर"

मुजफ्फरनगर: नगरपालिका परिषद की चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने बारिश के बीच टाउनहॉल स्थित पालिका मुख्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पार्किंग व्यवस्था की अनदेखी और कर्मचारियों की अनुपस्थिति को लेकर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई।

चेयरपर्सन सबसे पहले पालिका परिसर में दोपहिया वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग को देखकर नाराज हुईं और वहां तैनात सुरक्षा गार्ड को फटकार लगाई। स्टोर कीपर तनवीर आलम से पार्किंग व्यवस्था का सही तरीके से उपयोग न होने पर जवाब-तलब किया गया। उन्होंने सिक्योरिटी फर्म के ठेकेदार को भी मौके पर बुलाकर नए गार्ड उपलब्ध कराने और ड्यूटी में लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत दी।

इसके बाद कर विभाग का निरीक्षण करते हुए उन्होंने विभागीय प्रमुख लिपिक प्रवीण कुमार से उपस्थिति पंजिका मंगाई और सभी कर्मचारियों की मौजूदगी की जांच की। निरीक्षण में चार विभागों के दस कर्मचारी गैरहाजिर पाए गए, जिनमें कुछ ऐसे भी थे जिन्होंने उपस्थिति दर्ज की थी, लेकिन बिना सूचना के ड्यूटी से चले गए थे।

गैरहाजिर कर्मचारियों में कर विभाग से मोहन वेद, अरुण कुमार, रोहिल कुमार, नूर मोहम्मद, अनु जोशी, स्वास्थ्य विभाग से संजय कुमार, राजीव कुमार और सोनू अनुचर, जलकल विभाग से इमरान खान तथा निर्माण विभाग से बिजेंद्र कुमार शामिल हैं।

इसके अलावा उन्होंने पाया कि निर्माण विभाग के नए एई नैपाल सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय प्रताप शाही और एसएफआई वैशाली सोती का नाम अब तक उपस्थिति पंजिका में दर्ज नहीं किया गया है। इस पर संबंधित लिपिक को चेतावनी दी गई और निर्देश दिया गया कि इन अधिकारियों का नाम तत्काल पंजिका में दर्ज किया जाए और प्रतिदिन उनकी उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।

चेयरपर्सन ने सभी गैरहाजिर कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने और उनसे स्पष्टीकरण मांगे जाने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान सभासद मनोज वर्मा, नवनीत गुप्ता, प्रशांत गौतम, विकल्प जैन, हसीब राणा, लिपिक मनोज पाल, संजीव कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।

Next Story