- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Muzaffarnagar: युवक की...
Muzaffarnagar: युवक की पिटाई का मामला गरमाया, जातीय तनाव की आशंका

मुजफ्फरनगर: थाना नई मंडी क्षेत्र के गांव शेरनगर में बाइक का हॉर्न बजाने को लेकर मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मंदिर वाली गली में 15-20 युवकों ने तनिष्क नामक युवक पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
घायल युवक तनिष्क से मिलने राष्ट्रीय गुर्जर महासभा के अध्यक्ष चौधरी रविंदर सिंह गुर्जर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव न्याय दिलाने का आश्वासन दिया और इस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
चौधरी रविंदर सिंह गुर्जर ने प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार पर आरोप लगाया कि वह दूसरे पक्ष का समर्थन कर रहे हैं और पुलिस जांच को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंत्री को यह नहीं भूलना चाहिए कि गुर्जर समाज ने भी उन्हें वोट दिया है, इसलिए वह निष्पक्ष रहें और जातिवाद न फैलाएं।
रविंदर सिंह गुर्जर ने बताया कि तनिष्क पुत्र अनिरुद्ध पर पहले गांव के कुछ असामाजिक तत्वों ने हमला किया था। बाद में मंदिर वाली गली में 15-20 युवकों ने उस पर धारदार हथियारों से हमला कर जान से मारने की कोशिश की। परिवार के लोगों ने किसी तरह उसे बचाकर अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और जांच जारी है। लेकिन गुर्जर महासभा का कहना है कि कैबिनेट मंत्री दबाव बनाकर पुलिस कार्रवाई को रोकने की कोशिश कर रहे हैं।
गुर्जर महासभा अध्यक्ष ने अपील की कि प्रशासन को स्वतंत्र रूप से कार्रवाई करने दिया जाए और किसी भी पक्ष को राजनीतिक संरक्षण न दिया जाए।





