उत्तर प्रदेश

Muzaffarnagar: रेलवे लाइन पर मिला सिपाही का शव, पुलिस महकमे में सनसनी

Admindelhi1
7 April 2025 6:20 PM IST
Muzaffarnagar: रेलवे लाइन पर मिला सिपाही का शव, पुलिस महकमे में सनसनी
x
"जज के गनर के रूप में था तैनात"

मुजफ्फरनगर: सिविल लाईन थाना क्षेत्र के अंतर्गत रेलवे लाईन पर एक आरक्षी का गोली लगा शव मिलने से हडकम्प मच गया। मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई। मृतक आरक्षी की बांई आंख के पास गोली लगी है, जो उसके सिर के पीछे की तरफ से निकल गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सूचना मिलने पर उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है लेकिन मामले की जांच की जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार आज करीब 21.10 बजे थाना सिविल लाईन पुलिस को रेलवे स्टेशन मुजफ्फरनगर से करीब 300 मीटर की दूरी पर सहारनपुर की तरफ रेलवे ट्रैक के पास एक आरक्षी का शव पड़ा होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर थाना प्रभारी सिविल लाईन आशुतोष सिंह द्वारा मय पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया।

शव की शिनाख्त आरक्षी रूपेन्द्र सिंह के रूप में हुई, जो वर्ष 2023 से जिला विधिक सचिव मुजफ्फरनगर के रूप में नियुक्त न्यायिक अधिकारी के गनर की ड्यूटी पर चल रहा था, जिसके बांई आंख के पास गोली लगी है, जो उसके सिर के पीछे की तरफ से निकल गई। मामले की जानकारी से उच्चाधिकारियो को अवगत कराया गया, जिसके बाद मौके पर पुलिस अधिकारी पहुंचे और मामले की जांच पडताल की। इस सम्बन्ध में फील्ड यूनिट द्वारा साक्ष्य संकलन किया गया। पुलिस प्रकरण की गहनता से जांच करने में जुट गई।

एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने जानकारी देते हुए बताया कि आज थाना सिविल लाइन और कंट्रोल रूम को 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन से 300 मीटर आगे सहारनपुर की ओर रेलवे ट्रैक के किनारे एक सिपाही मृतक अवस्था में पड़ा है। जिसको गोली लगी हुई है, इस सूचना पर तत्काल उच्च अधिकारीगण और फील्ड यूनिट की टीम द्वारा घटनास्थल का मुआयन किया गया।

उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया यह जानकारी प्राप्त हुई कि कांस्टेबल रूपेंद्र सिंह जनपद मुजफ्फरनगर की पुलिस लाइन में तैनात है और उनकी विधिक सेवा सचिव के हमराह के तौर पर ड्यूटी चल रही थी। इनका शव यहाँ पर पाया गया है और घटनास्थल से एक कार्बाइन जो ड्यूटीरत असलाह था, मौके से एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है।

उन्होंने बताया कि इसके साथ एक बैग बरामद हुआ है। स्थानीय पुलिस द्वारा शव का पंचायत नामा भरकर उसे पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए भेजा जा रहा है। प्रथम दृष्टयता ऐसा लगता है कि सिपाही रूपेंद्र सिंह ने आत्महत्या की है लेकिन फिर भी सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है, जो भी अग्रिम जानकारी आएगी, उसके आधार पर कार्यवाही और जांच आगे बढ़ाई जाएगी।

Next Story