- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Muzaffarnagar: भाकियू...
Muzaffarnagar: भाकियू 2 जुलाई से एसएसपी दफ्तर पर करेगी महापंचायत

मुजफ्फरनगर: हाल ही में मुजफ्फरनगर में निहत्थे किसानों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (तोमर) ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। संगठन ने घोषणा की है कि आगामी 2 जुलाई से एसएसपी कार्यालय पर अनिश्चितकालीन महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। यह निर्णय छपार स्थित यूनियन के राष्ट्रीय कार्यालय पर आयोजित आपात बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर ने की।
बैठक में चौधरी तोमर ने मंडी कोतवाली पुलिस पर निशाना साधते हुए कहा कि किसानों पर हुआ लाठीचार्ज लोकतंत्र की हत्या है और यह ब्रिटिश शासन की बर्बरता की याद दिलाता है। उन्होंने कोतवाली मंडी इंचार्ज दिनेश बघेल, सिपाही रजनीश शर्मा और सिपाही विनोद कुमार को निलंबित करने की मांग करते हुए कहा कि जब तक ये मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
तोमर ने कहा, “जो लाठी कल किसानों के सिर और कमर पर पड़ी है, वह मेरे सिर और कमर पर पड़ी है। हम इसका पूरा हिसाब लेंगे।” उन्होंने जिले के नए कप्तान पर भी नाराजगी जताई और कहा कि पुलिस विभाग पर नियंत्रण की कमी के चलते यह घटना हुई है।
चेतावनी भरे लहजे में तोमर ने कहा, “मैं 2 जुलाई को आ रहा हूँ। अपनी AK-47 की मैगजीन भरकर तैयार कर लो। अगर पुलिस गोली चलाना चाहती है तो हम सीने पर गोली खाने को तैयार हैं। अगर मुजफ्फरनगर को जलियांवाला बाग बनाना है तो किसान पीछे नहीं हटेंगे।”
तोमर ने यह भी कहा कि अब लाठीचार्ज, मुकदमे और जेल जाना पुरानी बात हो गई है, अबकी बार किसान गोली खाने को तैयार हैं। उन्होंने मुजफ्फरनगर को आंदोलन की धरती बताते हुए कहा कि किसान अपने घायल साथियों को न्याय दिलाकर रहेंगे। इस महापंचायत में जिले के अलावा आसपास के जनपदों से भी भारी संख्या में किसान पहुँचेंगे।
आपात बैठक में संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे, जिनमें राष्ट्रीय सलाहकार इंद्रजीत सांगवान, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष श्रवण त्यागी, राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रतिनिधि पवन त्यागी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हबीब गुर्जर, जिलाध्यक्ष निखिल चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष महबूब, युवा विंग प्रदेश अध्यक्ष अंकित गुर्जर, सहारनपुर युवा जिलाध्यक्ष सौरभ त्यागी, प्रदेश अध्यक्ष रिहान चौधरी, युवा जिलाध्यक्ष सोनू चौधरी, दीपक तोमर, मुकेश गुर्जर, हनी बालियान, हसीर और अजय त्यागी प्रमुख रहे।





