उत्तर प्रदेश

मुज़फ्फरनगर: बारिश के कारण आज भी स्थगित रही अग्निवीर भर्ती

Rani Sahu
10 Oct 2022 4:39 PM GMT
मुज़फ्फरनगर: बारिश के कारण आज भी स्थगित रही अग्निवीर भर्ती
x
बारिश के कारण सोमवार को दूसरे दिन अग्निवीर सेना भर्ती स्थगित रही। दो दिनों से लगातार हो रही रिमझिम बारिश से चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में पानी और कीचड़ हो गया। इससे सोमवार को मेरठ के सरधना तहसील की होने वाली अग्निवीर सेना भर्ती को स्थगित कर दिया गया। सेना के द्वारा सरधना की भर्ती अब 12 अक्टूबर को करायी जाएगी।
शनिवार की रात्रि से मौसम बहुत खराब है। शनिवार और रविवार को रातभर हुई बारिश ने अग्निवीर सेना भर्ती पर पानी फेर दिया। बारिश के कारण नुमाईश मैदान और चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में पानी और कीचड हो गया। बारिश के कारण मैदान में काफी जलभराव और ट्रैक पर कीचड़ बना हुआ है। मैदान दुरुस्त न होने के कारण रविवार को मेरठ के मवाना की अग्निवीर सेना भर्ती को स्थगित कर दिया गया था। सेना के द्वारा रविवार की शाम तक मैदान को कुछ हद तक दुरुस्त किया गया , लेकिन रात्रि में फिर से बारिश हो गई। रविवार को पूरी रात झमाझम बारिश हुई। जिस कारण मैदान में जलभराव और कीचड़ हो गया। सेना के जवान और नगर पालिका के कर्मचारियों ने बाल्टी आदियों से पानी निकालने का प्रयास किया। मैदान में कीचड़ और जलभराव होने के कारण सोमवार को मेरठ के सरधना तहसील की अग्निवीर सेना भर्ती को स्थगित कर दिया गया। अब यह भर्ती 12 अक्टूबर को करायी जाएगी।
11 और 12 अक्टूबर को होगी सात तहसीलों की भर्ती
मुजफ्फरनगर। बारिश के कारण स्थगित हुई अग्निवीर सेना भर्ती 11 और 12 अक्टूबर को होगी। 11 और 12 अक्टूबर को चार जिलों की सात तहसीलों के युवाओं की भर्ती होगी। पिछले दिनों 23 व 24 सितंबर को मूसलाधार बारिश होने के कारण मैदान मे कीचड और जलभाव हो गया था। जिस कारण दोनों दिनों की भर्ती को स्थगित कर दिया गया था। अगर मौसम सहीं रहा तो 11 अक्टूबर को शामली की तहसील सदर, ऊन व कैराना और मेरठ जनपद की तहसील मवाना के युवाओं की भर्ती होगी। वहीं 12 अक्टूबर को गाजियाबाद जनपद की तहसील सदर और मोदीनगर के साथ ही मेरठ जनपद की तहसील सरधना की अग्निवीर सेना भर्ती होगी।
Next Story