- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Muzaffarnagar: प्रेम...
Muzaffarnagar: प्रेम प्रसंग में जहर देने का आरोप, थाने में बवाल

मुजफ्फरनगर: शहर कोतवाली क्षेत्र के रामलीला टीला निवासी युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि युवक को जहर देकर मारा गया और इस पूरे मामले में पुलिस की गंभीर लापरवाही रही।सोमवार को गुस्साए परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर जमकर हंगामा किया और पुलिस पर आरोपियों को बचाने का आरोप लगाया।
मृतक युवक की पहचान वासू के रूप में हुई है। उसके पिता विनोद ने बताया कि उनके बेटे को क्षेत्र में ही रहने वाली एक महिला ने प्रेमजाल में फंसा लिया था और उससे पैसे भी हड़प रही थी। जब वासू ने महिला से दूरी बनानी चाही, तो महिला के पति व परिजनों ने उसे धमकाना शुरू कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि 27 मई को महिला व उसके परिजनों ने वासू को अपने घर बुलाकर उसे जहर दे दिया। वासू किसी तरह घर पहुंचा और सारी जानकारी दी, जिसके बाद उसे तत्काल सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से हालत बिगड़ने पर उसे बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां 31 मई को उसकी मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम भी कराया गया है।
विनोद ने बताया कि उन्होंने दो दिन पहले ही इस संबंध में पुलिस को तहरीर दी थी, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। यहां तक कि पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेने के बाद छोड़ भी दिया। इससे नाराज परिजनों ने सोमवार को कोतवाली पहुंचकर जमकर प्रदर्शन किया।
शहर कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द कार्रवाई की जाएगी।





