उत्तर प्रदेश

मुस्कान के प्रेमी जुनैद गिरफ्तार, बच्चों की हत्या की साजिश का पर्दाफाश

Saba Naaz
21 Jun 2025 5:53 PM IST
मुस्कान के प्रेमी जुनैद गिरफ्तार, बच्चों की हत्या की साजिश का पर्दाफाश
x
Muzaffarnagar मुजफ्फरनगर : मुजफ्फरनगर के भोपा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव रुड़कली तालाब अली में चार साल के अरहान और एक साल की अनाया की हत्या के आरोपी जुनैद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
इससे पहले मां मुस्कान को जेल भेजा जा चुका है। बताया गया कि मुस्कान और जुनैद रिश्तेदार हैं और दोनों के बीच प्रेम संबंध था। दोनों निकाह करना चाहते थे, लेकिन जुनैद ने बच्चों को स्वीकारने से मना कर दिया। इसी के चलते दोनों ने मिलकर बच्चों की हत्या की योजना बनाई। गुरुवार को जुनैद रसगुल्ले और जहरीला पदार्थ लेकर गांव पहुंचा और बच्चों को खिला दिया। कुछ ही देर में उनकी हालत बिगड़ गई और अस्पताल में दोनों ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने महिला को जेल भेज दिया है और जुनैद की गिरफ्तारी के लिए तीन टीम बनाई गई थी। अब उसे भी पकड़ लिया गया है।
आरोपी मुस्कान (25) मूल रूप से ककरौली थाना क्षेत्र के गांव तेवड़ा की रहने वाली है। रुड़कली तालाब अली के मजदूर वसीम से निकाह से पहले उसका प्रेम-प्रसंग खेडी फिरोजाबाद निवासी अपनी बुआ के बेटे जुनैद के साथ चल रहा था। परिजनों को कभी भनक नहीं लगी। घर में दो बच्चों का जन्म हुआ तो पिता पर कमाने की जिम्मेदारी भी बढ़ गई। वेल्डिंग के लिए वह हरियाणा , दिल्ली और यूपी के अलग-अलग क्षेत्र में जाता रहता था। शौहर घर से बाहर रहने लगा तो मुस्कान को फिर पुराने प्रेमी की याद आई। दोनों फिर मिले तो जीने-मरने की कसमें खाने लगे।
साजिश रचने के बाद गुरुवार को जुनैद ही रुड़कली तालाब अली में रसगुल्ले और जहरीला पदार्थ लेकर पहुंचा था। मुस्कान ने जहरीली गोलियां बनाकर रसगुल्लों के बीच में रख दी। मां ने रसगुल्ले दिए तो दोनों मासूमों ने खा लिए और फिर मौत की नींद सो गए। आरोपी एक घंटे तक घर में रूका था। जहर कौन सा था, उसे कहां से खरीदा था। इस बारे में जांच की जा रही है। दोनों बच्चों की मौत के बाद एकाएक गुम हुआ मुस्कान का मोबाइल भी बरामद हो गया है। आरोपी ने पहले अपना मोबाइल खो जाना बताया था। जिसे पुलिस ने तलाश लिया है। पुलिस का कहना है कि मोबाइल की सीडीआर निकलवाई जा रही है।
Next Story